पोप से मध्य पूर्व की यात्रा टालने की मांग
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार मुस्लिम ब्रदरहुड के आधिकारिक प्रवक्ता जमील अबू बकर ने रविवार को एक वक्तव्य में कहा, "हमें उम्मीद है कि वेटिकन कुछ मुद्दों के स्पष्ट हो जाने तक यात्रा स्थगित रखेगा।"
वक्तव्य में कहा गया है कि पोप की यात्रा क्षेत्र में मुस्लिमों और ईसाइयों के बीच सहयोग की भावना प्रकट करती लेकिन भड़काऊ रवैये के साथ ऐसी यात्रा कोई संदेश देने में कामयाब नहीं हो पाएगी।
पोप को चार दिवसीय मध्य पूर्व यात्रा पर आठ मई को जोर्डन पहुंचना है और इस दौरान वह इजरायल और फिलिस्तीनी क्षेत्रों में भी जाएंगे।
अबू बकर ने पोप द्वारा मुस्लिमों और पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ की गई टिप्पणियों पर माफी की मांग करते हुए कहा कि मुस्लिमों की भावनाओं की अनदेखी न करते हुए उनसे माफी मांगनी चाहिए।
वर्ष 2006 में जर्मनी के रोजेनबर्ग विश्वविद्यालय में 14 वीं सदी के एक ईसाई शासक को उद्धृत करते हुए पोप ने कहा था, "मुझे बताओ मोहम्मद ने नया क्या दिया है आप पाएंगे कि उन्होंने केवल शैतान और अमानवीय चीजें दी हैं जैसे कि उन्होंने अपने धर्म का प्रचार तलवार के दम पर करने की बात कही।"
इसके बाद मुस्लिमों के बीच फैली नाराजगी को देखते हुए पोप ने माफी मांगी थी और कहा था कि वह वक्तव्य उनका नहीं था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications