बिहार में दूसरे चरण के मतदान के लिए पुलिस बल की तैनाती प्रारंभ
पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी के मुताबिक स्वतंत्र, शांतिपूर्ण और भयमुक्त चुनाव संपन्न कराने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान तथा वायु सेना के तीन हेलीकाप्टर को भी तैनात कर दिया गया है। उपद्रवी तत्वों की धरपकड़ तथा रात्रि गश्त तेज कर दी गई है।
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक नीलमणि ने सोमवार बताया कि दूसरे चरण में होने वाले चुनाव क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। मतदान के दौरान बाधा पहुंचाने की आशंका को देखते हुए राज्य भर में अब तक तीन लाख से ज्यादा लोगों को विभिन्न थानों में लिखित अनुबंध पत्र भरवाया जा चुका है। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक पटना में कुल 19,869 लोगों को धारा 107 के तहत अनुबंध पत्र भरवाया गया है।
नीलमणि के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद चलाए गए पुलिस अभियान में अब तक 681 अवैध हथियार जब्त किए जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त 47 अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया है। इसमें केवल मुंगेर में ही 27 अवैध मिनी गन फैक्ट्री शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद पूरी तरह इन क्षेत्रों को अद्र्घसैनिक बलों के सुपुर्द कर दिया जाएगा। दूसरे चरण के होने वाले मतदान के 12 घंटे पहले भारत-नेपाल सीमा को भी सील कर दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि बिहार में लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत 23 अप्रैल को 13 लोकसभा क्षेत्रों में मतदान होना है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications