वाइको श्रीलंका मुद्दे पर संप्रग व करुणानिधि पर बरसे
संवाददाताओं से बात करते हुए वाइको ने लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के खिलाफ जारी सैन्य अभियान में हो रही नागरिकों की मौतों की तुलना द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान यहूदियों के सामूहिक नरसंहार से की।
वाइको ने केंद्र सरकार पर श्रीलंका के साथ गुप्त रूप से सांठगांठ करके वर्तमान सैनिक कार्रवाई का रास्ता साफ करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस वर्ष 2,000 तमिल मारे गए हैं जिनमें अधिकांश निर्दोष नागरिक हैं।
वाइको ने कहा कि तमिलों के नरसंहार के लिए कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार पूरी तरह जिम्मेदार है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी इसके लिए पूरी तरह जिम्मेदार हैं। इसकी योजना पिछले पांच वर्षो से बनाई जा रही थी। श्रीलंका को साजो सामान सहित सभी सैनिक और उपग्रह से प्राप्त जानकारी मुहैया करवाई गई।
उन्होंने कहा कि लिट्टे पर हमला भारतीय सेना द्वारा तैयार योजना और समर्थन से हो रहा है। इसके लिए कांग्रेस को कभी क्षमा नहीं किया जाएगा।
वाइको ने कहा कि करुणानिधि तमिल जाति के अन्य गद्दारों में से एक बन गए हैं। पूरे वर्ष वह चुप रहे और नाटक करते रहे। यदि उन्होंने वास्तव में संप्रग सरकार पर दबाव बनाया होता तो श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे पर युद्ध रोकने का भारी दबाव होता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications