मुंबई हमले के संबंध में पाकिस्तान में छठा संदिग्ध गिरफ्तार
लाहौर में एक वैवाहिक समारोह में रविवार रात को सत्तारूढ़ पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेता रहमान मलिक ने संवाददाताओं को नई गिरफ्तारी से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने से इंकार कर दिया।
उन्होंने कहा कि भारत ने मुंबई हमले के संबंध में पर्याप्त साक्ष्य नहीं उपलब्ध करवाए हैं। मुंबई हमले की जांच में भारत के सहयोग की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि मजबूत साक्ष्यों के बगैर आरोपियों को दंडित नहीं किया जा सकता।
उन्होंने मुंबई हमले में पकड़े गए एकमात्र आतंकवादी अजमल आमिर कसाब के इकबालिया बयान की एक प्रमाणित प्रति की भी मांग की।
इससे पहले पाकिस्तान ने मुंबई हमले के संबंध में पांच लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि की थी। इन गिरफ्तार लोगों में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर जकीउर रहमान लखवी, उसका संचार विशेषज्ञ जरार शाह, हमाद अमीन सादिक, हम्जा उर्फ अबु अल्क और शाहिद जमील रियाज शामिल हैं।
पिछले सप्ताह रियाज ने मुंबई हमले में हाथ होना कबूल करते हुए कहा था कि उसने और गिरफ्तार चार अन्य लोगों ने मुंबई के हमलावरों को परिवहन व्यवस्था, रहने का स्थान, इंटरनेट और अन्य सुविधाएं मुहैया करवाईं थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications