दिल्ली के होटल से आस्ट्रेलियाई पर्यटक का शव बरामद
पुलिस के मुताबिक सिडनी का रहने वाला जूलियन स्टैनफोर्ड एक्सप्रेस होटल के कमरे में अचेत अवस्था में पाया गया और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। इसके बाद स्टैनफोर्ड को अस्पताल ले जाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) आई. बी. रानी ने आईएएनएस को बताया, "हम पोस्टमार्टम रिपोर्ट की प्रतीक्षा कर रहे हैं ताकि मौत की वजह का पता चल सके।"
स्टैनफोर्ड चार अप्रैल को भारत पहुंचा था और शुक्रवार से वह इस होटल में रह रहा था। वह रविवार सुबह अपनी मित्र को छोड़ने हवाई अड्डे गया था।
होटल के प्रबंधक ने बताया, "वह वापस लौटा और दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद हमने कुछ भी नहीं सुना। शाम को होटल कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। दूसरी चाभी से दरवाजा खोला गया तो स्टैनफोर्ड अपने बिस्तर पर पड़ा था और उसके मुंह से झाग निकल रहा था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications