मध्य प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के बीच तेज हुए हमले (राउंडअप)
मध्य प्रदेश के दौरे पर आए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी ने प्रदेश की गरीबी, बेरोजगारी सहित केन्द्रीय योजनाओं में होने वाली गड़बड़ी की जमकर चर्चा की। पन्ना की जनसभा में राहुल गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार को समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए केन्द्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ जरुरतमंदों को नहीं मिल पा रहा है। अत्याचार और भ्रष्टाचार का बोलबाला है तो रोजगार की तलाश में लोगों का पलायन जारी है। सरकार इन सारी समस्याओं से अनजान बनी हुई है।
वहीं दूसरी ओर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केन्द्र सरकार को गरीब विरोधी करार दिया है। होशंगाबाद संसदीय क्षेत्र में जन सभाओं में चौहान ने कहा कि केन्द्र सरकार ने गरीबों के मुंह से निवाला और गरीबों के घर की छत छीन ली है। इस सरकार को अब जाना ही होगा। मध्य प्रदेश से पक्षपात का दौर जारी है। जरुरत का कोयला न मिलने से बिजली का उत्पादन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में प्रदेश सरकार ने बिजली उत्पादन बढ़ाने की हर संभव कोशिश की मगर केन्द्र का सहयोग नहीं मिला।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने एक बयान जारी कर देश के प्रधानमंत्री को कमजोर ही नहीं, संवेदनहीन भी करार दिया है। उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री से लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी तक महंगाई तथा देश की असुरक्षा जैसे मुद्दों से दूर भाग रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications