भाजपा को राम राज का सही मतलब समझने की जरूरत है : सोनिया गांधी (लीड-1)
लखनऊ में कांग्रेस प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी के समर्थन में आयोजित एक चुनावी रैली में सोनिया गांधी ने कहा कि भाजपा को राम राज का सही मतलब समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सच्चे राम राज में आपसी द्वेष, कटुता, जातिवाद और नफरत नहीं होती बल्कि सच्चे राम राज में भाईचारा होता है तथा सबको बराबरी का हक और सुरक्षा मिलती हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर सांप्रदायिक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब यहां सांप्रदायिक राजनीति चलने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस की ऐसी पार्टी है जो सांप्रदायिकता से लड़ सकती है।?
संप्रग में अपनी सहयोगी समाजवादी पार्टी(सपा) पर चुटकी लेते हुए सोनिया ने कहा कि सपा ऐसी पार्टी है जो एक पल में दोस्त होती है और दूसरे ही पल में दुश्मन हो जाती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव में समझौता न हो पाने के लिए सपा को जिम्मेदार ठहराया।
उत्तरप्रदेश की मायावती सरकार को लपेटे में लेते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी(बसपा) ने अपने शासनकाल में अपराधी तत्वों को आगे बढ़ाया है। इस चुनाव में पार्टी ने दर्जनों माफियाओं को लोकसभा का टिकट दिया। कई तो जेल के अंदर से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इंडियन जस्टिस पार्टी(इंजपा) के जौनपुर प्रत्याशी बहादुर सोनकर की हत्या के मामले में राज्य सरकार मूक दर्शक बनी तमाशा देख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लोभ, दौलत और लालच की सरकार है।
सोनिया ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी पर निशाना साधते हुए कहा कि कमजोर और मजबूत प्रधानमंत्री का फैसला देश की जनता तय करेगी।
सोनिया ने कहा कि आडवाणी कह रहे हैं कि मनमोहन सिंह कमजोर प्रधानमंत्री हैं लेकिन मनमोहन सिंह को आडवाणी के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है। मनमोहन सिंह ने अपनी कार्यशैली से साबित कर दिया है कि वह बहुत सक्षम नेता और सक्षम प्रधानमंत्री हैं। अब कौन कमजोर है और कौन मजबूत, यह फैसला देश की जनता करेगी।
उन्होंने कहा, "भाजपा के राज में देश में दर्जनों आतंकवादी हमले हुए। कंधार विमान अपहरण कांड हुआ और संसद तक पर आतंकवादी हमला हुआ। उस समय आडवाणी जी देश के गृह मंत्री थे, लेकिन उन्होंने और उनकी सरकार ने आतंकवादियों के समक्ष घुटने टेक दिए थे।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एक ऐसी पार्टी है जो आतंकवाद से निपटने में सक्षम है।
जनता को संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस देश को कांग्रेस ने आजाद कराया। देश में उद्योगों, पुलों का निर्माण कांग्रेस ने करवाया। बैंकों का राष्ट्रीयकरण, भारतीय जीवन बीमा निगम जैसी संस्था की स्थापना और अनाज के मामले में देश को आत्मनिर्भर कांग्रेस की ही सरकार ने बनाया।
इससे पहले फैजाबाद में सोनिया ने कहा, "मैं राम की धरती को प्रणाम करती हूं। पिछले दो दशकों में अयोध्या समेत पूरे उत्तर प्रदेश में गैर कांग्रेसी राजनीतिक दलों ने सिर्फ नफरत की राजनीति की है। किसी भी सरकार ने विकास की तरफ ध्यान नहीं दिया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications