बाबरी मस्जिद विध्वंस के लिए सिर्फ भाजपा जिम्मेदार : प्रधानमंत्री (लीड-1)
रविवार को गुवाहाटी के अमीन गांव में एक संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री ने कहा, "बाबरी विध्वंस के लिए हम पर आरोप नहीं लगाए जा सकते।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने बाबरी मस्जिद को सुरक्षित रखने के लिए सर्वोच्च न्यायालय में शपथपत्र दिया किया था लेकिन इसके बावजूद उन्होंने जो किया वह सर्वविदित है।
प्रधानमंत्री ने कहा, "भाजपा के मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने सर्वोच्च न्यायालय को आश्वस्त किया था कि बाबरी मस्जिद सुरक्षित रहेगी। कांग्रेस ने उन पर भरोसा किया कि वह सर्वोच्च न्यायालय में दिए गए शपथपत्र को पूरा करेंगे। इसके लिए कांग्रेस को दोषी नहीं ठहराया जा सकता था।"
उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में यदि कांग्रेस को दोषी ठहराया जा सकता है वह सिर्फ इसलिए कि उसने कल्याण पर भरोसा जताया।
उल्लेखनीय है कि राजद अध्यक्ष ने शनिवार को बिहार में एक रैली में कहा था कि बाबरी मस्जिद विध्वंस के लिए जितनी भाजपा जिम्मेदार है, उतनी कांग्रेस भी है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी द्वारा उन्हें बार-बार कमजोर प्रधानमंत्री कहे जाने के बारे में पूछ जाने पर मनमोहन सिंह ने कहा, "मैं इस बात को और आगे बढ़ाना नहीं चाहता हूं। मैं पहले ही इस बारे में बहुत कुछ कह चुका हूं।"
आतंकवाद के बारे में पूछे जाने पर प्रधानमंत्री ने कहा, "आतंकवाद, नक्सलवाद और साम्प्रदायिकता देश की एकता व अखंडता के लिए बहुत बड़ा खतरा है। हम इन समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। आप लोग कांग्रेस को अपना वोट दीजिए, क्योंकि कांग्रेस ही एकमात्र पार्टी है जो धर्मनिरपेक्षता के प्रति समर्पित है।"
प्रधानमंत्री ने आश्वासन दिया कि सितम्बर तक दुनिया की अर्थव्यवस्था मंदी के असर से उबर जाएगी और इसके बाद भारत एक बार फिर आठ से नौ फीसदी की विकास दर पर लौट आएगा।
उन्होंने कहा, "मैं आशा करता हूं कि विश्व अर्थव्यवस्था कुछ हद तक मंदी से सितंबर तक उबर जाएगी और यदि ऐसा होता है तो हम फिर आठ से नौ फीसदी की विकास दर पर लौट जाएंगे, जो पिछले साल भारत के विकास की दर थी।"
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री असम से ही राज्यसभा से सदस्य हैं और वह यहां एक चुनावी सभा संबोधित करने आए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications