दुनिया के सबसे लंबे आदमी को चुनौती

चीन के जाओ लियांग आने वाले दिनों में दुनिया के सबसे लंबे आदमी होने का रिकार्ड बना सकते हैं. उनकी लंबाई 2.46 मीटर मापी गई है. इस समय दुनिया के सबसे लंबे जीवित व्यक्ति भी चीन से हैं और उनका नाम है बाओ ज़िसहुन.
गिनीज़ बुक में ज़िसहुन की लंबाई 2.36 मीटर ( आठ फीट 8.95 इंच) है लेकिन लियांग की लंबाई इससे अधिक दर्ज़ हुई है.लियांग पेशे से बास्केट बॉल खिलाड़ी थे और उनके पैर में चोट लगी थी जिसका इलाज़ कराने वो अस्पताल पहुंचे थे.
अस्पताल में जब उनकी लंबाई मापी गई तो वो देखा गया कि वो 2.46 मीटर (8 फीट 0.7 इंच) लंबे हैं जो ज़िसहुन से क़रीब 3.9 इंच या दस सेंटीमीटर अधिक है. हालांकि अभी लियांग की लंबाई की आधिकारिक जांच बाकी है यानी जब तक गिनीज़ बुक वाले उनकी लंबाई नाप कर दुनिया में उनके सबसे लंबे होने की पुष्टि न कर दें तब तक यह रिकार्ड उनके नाम नहीं होगा.
सरकारी मीडिया का कहना है कि 27 वर्षीय लियांग को 17 साल की उम्र में बॉस्केट बॉल खेलते हुए चोट लगी थी जिसका वो अभी भी इलाज़ करवा रहे हैं. तीन साल पहले तक लियांग बेरोज़गार थे जिसके बाद उन्हें सड़कों पर तमाशा दिखाना शुरु किया. एक ग्रुप के साथ घूमते हुए उन्होंने कुछ जादू की तरकीबें सीखीं और इसी से वो अपना जीवन यापन कर रहे हैं.
लियांग जब तियानजिन के अस्पताल मे पैर का इलाज़ करने पहुंचे तो उनकी लंबाई मापी गई और पता चला कि वो रिकार्ड के हकदार हो सकते हैं. डॉक्टरों का कहना है कि लियांग के पैर का आपरेशन कर दिया गया है और वो दो महीने में पूरी तरह ठीक हो सकते हैं.
लियांग को लंबाई के कारण शरीर में किसी तरह की तकलीफ़ नहीं है.हालांकि लियांग के माता पिता उनकी लंबाई से बेहद परेशान हैं. उनकी मां वांग केयुन इस बात से चिंतित रहती हैं कि उनके इतने लंबे बेटे की शादी कैसे होगी और उसे नौकरी कैसे मिलेगी.
वैसे अब तक दुनिया के सबसे लंबे आदमी होने का रिकार्ड रॉबर्ट परसिंग वार्डलॉ के नाम है जो 2.72 मीटर या नौ फीट लंबे थे. कई वर्षों पहले उनका निधन हो गया है.


Click it and Unblock the Notifications