अफ़ग़ानिस्तान में भूकंप से 22 की मौत

अफ़ग़ानिस्तान में पाकिस्तान से लगे पूर्वी इलाक़े में भूकंप से कम से कम 22 लोगों की मौत हो गई है और लगभग 200 घर तबाह हो गए हैं. अफ़ग़ान अधिकारियों के अनुसार ये भूकंप काबुल से लगभग 90 किलोमीटर दूर नांगरहेर प्रांत में रात के समय आया.
अमरीकी संस्था यूएस जिओलॉजिकल सर्वे का कहना है कि पहले रात एक बजकर 57 मिनट पर रिक्टर पैमाने पर 5.5 की तीव्रता का झटका आया. इसके दो घंटे बाद इस इलाक़े में एक और झटका आया जिसकी तीव्रता 5.1 थी. स्थानीय अधिकारियों ने मारे गए लोगों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है. उन्होंने बताया कि भूकंप प्रभावित इलाक़े के दुर्गम होने के कारण बचाव और राहत कार्य में बाधा आ रही है.
भूकंप प्रभावित क्षेत्र
शहरज़ाद के इलाक़ों में भूकंप के झटके साल में कई बार आते हैं.प्राकृतिक आपदाओं के दौरान व्यवस्था से जुड़े एक अधिकारी अहमद शकेब हमराज़ ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि इस भूकंप का केंद्र शहरज़ाद ज़िले से 45 किलो मीटर की दूरी पर था.
मीर गदख़ेल गांव के ज़िंदा बच जाने वाले लोग भूकंप में गिरने वाले मकानों के मलबों से शव निकालने के काम में जुटे हुए हैं.इसी गांव के निवासी गुल मोहम्मद ने बताया "मेरे परिवार के तीन लोग मर गए हैं और सात लोग घायल हुए हैं."काबुल में बीबीसी संवाददाता मार्टिन पेशेंस का कहना है कि ये भूकंप जिस इलाक़े में आया है वहां गाड़ियों से पहुंचना काफ़ी मुश्किल है.
पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के इन पहाड़ी इलाक़ों में हर साल भूकंप के छोटे-छोटे झटके आते रहते हैं.इन इलाक़ो में अफ़ग़ानों के बहुत से घर मिट्टी के बने होते हैं इसलिए हलके झटकों में भी मकान गिरते हैं और भारी नुक़सान होते हैं.अक्तूबर 2005 में पश्चिमी पाकिस्तान में आने वाले 7.1 तीव्रता के भीषण भूकंप में 74000 लोग मरे थे और लगभग 35 लाख लोग बेघर हो गए थे.


Click it and Unblock the Notifications