बांग्लादेश में तूफ़ान को लेकर सतर्कता

तूफ़ान 'बिजली' बांग्लादेश के तटीय इलाक़ों में पहुँच गया है. बांग्लादेश ने इन इलाक़ों में रहने वाले हज़ारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया है. बांग्लादेश प्रशासन ने तटीय इलाक़ों में रहने वाले लोगों को चेतावनी जारी कर दी है और हज़ारों लोगों को कॉक्स बाज़ार ज़िले के शिविरों में ले जाया गया है.
किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वंयसेवकों को भी तैयार रहने को कहा गया है. 'बिजली' के नाम से जाने जानेवाले इस तूफ़ान के दौरान 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएँ चल रही हैं और इससे बर्मा के भी इलाक़ों को भी ख़तरा है. बर्मा के मौसम विभाग ने भी चक्रवात की चेतावनी जारी की है और तटीय इलाकों के लोगों से दो दिन तक समुद्र से दूर रहने के लिए कहा गया है.
उड़ीसा, पश्चिम बंगाल सतर्क
इधर तूफ़ान 'बिजली' के मद्देनजर भारत के उड़ीसा और पश्चिम बंगाल राज्य के छह ज़िलों को सतर्क कर दिया गया है. इन ज़िलों में तेज गति से हवाएँ चलने और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग ने तटवर्ती इलाक़ों में सतर्कता बरतने और मछुआरों को गहरे समुद्र में न जाने की सलाह दी है.
उड़ीसा के तटीय इलाकों के बाद तूफ़ान पश्चिम बंगाल में कहर बरपा सकता है.पश्चिम बंगाल के पश्चिम और पूर्व मिदनापुर, दक्षिण और उत्तर 24 परगना, हुगली और हावडा ज़िलों में तेज हवाएँ चलने और भारी बारिश होने की आशंका जताई जा रही है.


Click it and Unblock the Notifications