एशिया सोसायटी का जल संकट से निपटने की रणनीति बनाने का आह्वान
वाशिंगटन, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। एशिया में सुरक्षित और निरंतर जलापूर्ति में कमी का पूरे क्षेत्र की सुरक्षा पर गहरा असर पड़ने की चेतावनी देते हुए एशिया सोसायटी ने भारत जैसे देशों में इस संकट को टालने के लिए रणनीति तैयार करने की मांग की है।
एशिया सोसायटी के एक कार्यबल की ओर से शुक्रवार को न्यूयार्क में जारी रिपोर्ट के अनुसार ताजा जलापूर्ति कम होने की वजह से खाद्य उत्पादन में कमी, रोजगार की असुरक्षा, बड़े पैमाने पर पलायन, आर्थिक और भौगोलिक तनाव में वृद्धि और अस्थिरताएं उत्पन्न होंगी।
एशिया सोसायटी एक अंतर्राष्ट्रीय संगठन है जो एशिया और अमेरिका के लोगों के बीच समझ बढ़ाने के प्रयासों के प्रति समर्पित है।
'एशिया की अगली चुनौती: क्षेत्र के जल भविष्य की सुरक्षा' विषय पर संगठन के कार्यबल की अध्यक्षता सिंगापुर के राजनयिक और एशिया प्रशांत जल मंच के अध्यक्ष टॉमी कोह ने की।
इस कार्यबल के सदस्यों में जलवायु परिवर्तन पर अंतर सरकारी पैनल (आईपीसीसी) के अध्यक्ष राजेंद्र के. पचौरी और हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शंस के अजीत गुलाबचंद शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications