मदिरालयों में चुनावी चर्चा जोर पकड़ रही है
बेंगलुरु, 18 अप्रैल(आईएएनएस)। भारत की तकनीकी राजधानी बेंगलुरु के पबों और बार हाउसों में बैठकर मदिरा का मजा लेने वाले लोगों में इन राजनीति पर जोरदार बहस छिड़ी रहती है। चुनावी चर्चाओं ने इन मदिरालयों का माहौल ज्यादा दिलचस्प बना दिया है।
27 वर्षीय आईटी पेशेवर सौम्यदीप चटर्जी आईएएनएस से बातचीत में कहते हैं, "हम इन दिनों अपने करियर के बारे में नहीं, बल्कि देश के राजनीतिक भविष्य के बारे में चर्चा करते हैं। हमारे लिए यह दिलचस्प मुद्दा है कि चुनाव कौन जीतेगा, सत्ता किसे मिलेगी या देश का राजनीति भविष्य क्या होगा।"
यहां के हार्ड रॉक कैफे में अपने दोस्तों का इंतजार कर रहे चटर्जी का कहना है कि दोस्तों के आते ही राजनीतिक बहस तेज हो जाएगी। रेजीडेंसी रोड पर स्थित पब वर्ल्ड में अपनी पसंदीदा शराब को हलक से नीचे उतारते हुए 30 वर्षीय पियाली कपूर कहती हैं, "भारतीय संस्कृति की रक्षा के नाम पर हाल ही में पबों में महिलाओं पर हमला करने वाले लोगों को माफ नहीं किया जा सकता। मैं ऐसी पार्टी को वोट दूंगी जो ऐसे तत्वों से सख्ती से निपटे।"
आर्थिक मंदी, आतंकवाद, राजनीतिक नैतिकता का क्षरण जैसे विषयों पर चर्चा कई बार हद से ज्यादा तेज भी हो जाती है। यहां 70 से अधिक बड़े-छोटे पब और सैकड़ों बार हाउस हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications