वरुण गांधी ने निष्पक्ष पर्यवेक्षक के लिए चुनाव आयोग को लिखा
वरुण गांधी ने चुनाव आयोग को लिखे एक तीन पृष्ठों के पत्र में निवेदन किया है कि 22 अप्रैल को उनके नामांकन दाखिल करते समय निष्पक्ष पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की जाए।
वरुण गांधी ने कहा है, "जिस तरह से 28 मार्च से लेकर आज तक मेरे खिलाफ राजनीतिक विद्वेषवश कार्रवाई की जा रही है, मेरे लिए चिंता के कई कारण हैं। राज्य में सत्ताधारी पार्टी एक मई को मतदान के दौरान या मेरे चुनाव प्रचार के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी पैदा कर सकती है।"
वरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री मायावती ने स्वयं कहा है कि वह उनके ऊपर बराबर नजर रखे हुए हैं और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर सकती हैं।
वरुण ने अपने पत्र में लिखा है, "मैं खासतौर से इस बात को लेकर चिंतित हूं कि राज्य सरकार 22 अप्रैल को मेरे पीलीभीत दौरे के दौरान सार्वजनिक गड़बड़ी पैदा करने के लिए मेरे खिलाफ कोई षड़यंत्र न रच दे।"
भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि उसे डर है कि जिला प्रशासन गलत तरीके से उनके नामांकन पत्र को निरस्त कर कहीं उनकी नामांकन प्रक्रिया में बाधा खड़ा न कर दे।
वरुण गांधी ने इस कारण पीलीभीत के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के स्थानांतरण के लिए आयोग से निवेदन किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications