कश्मीर मुठभेड़ में 2 आतंकी व महिला की मौत (लीड-1)
जम्मू, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर में शनिवार सुबह सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकी तथा उनकी एक महिला सहयोगी ढेर हो गए।
मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब राज्य पुलिस और सेना के जवानों ने आतंकियों के छुपे होने की एक सूचना के आधार पर डोडा जिले के बाग्गला इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया, "सुरक्षा बलों ने छुपे आतंकियों से आत्मसमर्पण के लिए कहा। लेकिन आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।" मुठभेड़ के दौरान जाहिदा बानो नामक एक महिला घायल हो गई। बाद में एक अस्पताल में उसकी मौत हो गई। प्रवक्ता के अनुसार महिला आतंकियों की सहयोगी थी।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मारे गए आतंकियों की पहचान निसार अहमद मलिक उर्फ शाबाज और रफीक उर्फ कुबेर के रूप में हुई है।
प्रवक्ता ने बताया कि आतंकियों के पास से दो एके-47 राइफलें बरामद की गई हैं। ये वहीं राइफलें हैं, जिन्हें लेकर आठ मार्च को जफरुल्ला नामक एक सैनिक फरार हो गया था।
जिला पुलिस प्रमुख प्रभात सिंह ने कहा, "इन आतंकियों की मौत पुलिस और सुरक्षा बलों की एक बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि इससे इलाके में लश्कर की रीढ़ टूट गई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications