जौनपुर में चुनाव स्थगन के विकल्प खुले हैं : चुनाव आयुक्त
लखनऊ में शनिवार को एक संवाददाता सम्मेलन में चुनाव आयुक्त कुरैशी ने कहा, "हमने जौनपुर में चुनाव स्थगन का विकल्प खुला रखा है। इस संबंध में निर्णय इंजपा प्रत्याशी की कथित हत्या की जांच के लिए जौनपुर गये उत्तरप्रदेश से बाहर के दो प्रशासनिक अधिकारियों की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद किया जाएगा। दोनों अधिकारी मामले की जांच के लिए शुक्रवार को जौनपुर पहुंच चुके हैं।"
जौनपुर में दूसरे चरण में 23 अप्रैल को मतदान होना है।
कुरैशी ने कहा, "आयोग ने मामले को गंभीरता से लिया है। हम आश्वस्त करना चाहते हैं कि घटना के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"
उल्लेखनीय है कि इंजपा प्रत्याशी बहादुर सोनकर की लाश गत 13अप्रैल को उनके घर के निकट ही एक पेड़ से लटकी मिली थी। सोनकर के परिजनों और इंजपा के अध्यक्ष उदितराज ने हत्या के लिए बसपा के लोकसभा प्रत्याशी धनंजय सिंह पर आरोप लगाया था।
उत्तरप्रदेश पुलिस ने गत सोमवार को सोनकर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का खुलासा करते हुए आत्महत्या का मामला बताया था। पुलिस अधिकारियों ने कहा था कि सोनकर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत का कारण आत्महत्या करना बताया गया है।
कुरैशी ने कहा कि चुनाव आयोग उत्तरप्रदेश समेत पूरे देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने के लिये प्रतिबद्ध है। देश में निष्पक्ष चुनाव कराना आयोग की पहली प्राथमिकता है। चुनाव में शामिल सभी प्रशासनिक अधिकारियों को हमने चेतावनी देकर कहा कि किसी भी तरह की गड़बड़ी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हमें उत्तरप्रदेश की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के बारे में शिकायतें मिल रहीं है। सभी अधिकारियों पर हमारी नजर है। स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने में किसी अधिकारी ने गड़बड़ी करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कुरैशी ने मीडिया को धन्यवाद देते हुए कहा कि चुनाव में मीडिया बहुत गंभीरता से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि कई मामलों में तो हमने टीवी चैनलों की खबर के आधार पर जांच करवाकर कार्रवाई की है।
लखनऊ से बहुजन समाज पार्टी(बसपा) के प्रत्याशी अखिलेश दास द्वारा समाजवादी पार्टी(सपा) उम्मीदवार नफीसा अली पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर पूछे गए सवाल पर चुनाव आयुक्त ने कहा कि वे मामले की वीडियो रिकार्डिंग अपने साथ दिल्ली लेकर जा रहे हैं। वहां वीडियो रिकार्डििंग देखने के बाद आगे कार्रवाई करेंगे।
इस अवसर पर मौजूद राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी ए.के.विश्नोई ने कहा कि इस मामले में गत पंद्रह अप्रैल को अखिलेश दास के खिलाफ लखनऊ के कैसरबाग थाने में मामला दर्ज किया जा चुका है। बसपा प्रत्याशी अखिलेश दास ने लखनऊ में एक जनसभा में सपा प्रत्याशी नफीसा अली को बुढ़िया कहकर संबोधित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications