मध्य वर्ग चुनाव को लेकर उत्साहित

नई दिल्ली, 18 अप्रैल (आईएएनएस)। मौजूदा लोकसभा चुनाव को लेकर देश के मध्यम वर्गीय परिवारों में जो उत्साह देखने को मिल रहा है वह पहले कभी नहीं देखा गया।

वेबसाइटों द्वारा आपराधिक छवि वाले नेताओं के बारे में दी जा रही जानकारी और टेलीविजन चैनलों और रेडियो द्वारा पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए उठाए गए कदमों का असर यह हो रहा है कि मध्य वर्ग के लोग मतदान को लेकर बेहद उत्साहित हैं।

वैसे तो जाति ही मतदान का सबसे बड़ा आधार बना हुआ है जिसे आधार बनाकर राजनेता भी चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन विकास और सुशासन मतदाताओं के एजेंडे में सर्वोपरि है। इसमें बिजली, सड़क और पानी के साथ-साथ शिक्षा और नौकरियों का मुद्दा भी शामिल है।

अपराधियों को राजनीति से दूर रखने की मुहिम चला रहे 'नो क्रिमिनल्स कैंपेन' के संयोजक गुरुमुर्ति ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "लोग अब सकारात्मक बदलाव चाहते हैं। वे चाहते हैं कि राजनीति से आपराधिक छवि वाले लोगों का सफाया हो।"

वे कहते हैं, "यदि लोग अपराधियों को वोट न देने का वादा करें तो राजनीतिक दल खुद ही अपराधियों को टिकट देना बंद कर देंगे।"

एयर डेक्कन एयरलाइंस के जरिए देश में सस्ती जहाज यात्रा सुलभ कराने के प्रणेता कैप्टन जी. आर. गोपीनाथ उन पेशेवरों में हैं जो इस दफा चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वह कहते हैं, "मैं समाज में परिवर्तन लाने, सामाजिक सौहार्द बढ़ाने और सुशासन स्थापित करने के लिए चुनाव लड़ रहा हूं। मैं किसी पार्टी का सदस्य नहीं हूं और मैं चाहता तो मुझे आसानी से किसी न किसी दल से टिकट भी मिल जाता।"

उल्लेखनीय है कि कैप्टन गोपीनाथ दक्षिण बेंगलुरू संसदीय सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके लिए चुनाव प्रचार करने वालों में बायोकोन की अध्यक्ष किरन मजुमदार शॉ, इंफोसिस के निदेशक टी. वी. मोहनदास पाइ और फैशन डिजायनर प्रसाद बिडापा जैसी प्रमुख हस्तियां शामिल थी।

इसी प्रकार कई शिक्षित युवा या तो इस बार के चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं या फिर अपने विचारों से मिलते जुलते उम्मीदवारों के समर्थन में काम कर रहे हैं।

भारतीय प्रबंधन संस्थान, लखनऊ के छात्र रहे रंजन कुमार मोहल्लागंज से चुनाव लड़ रहे हैं।

चुनाव के इस महापर्व में देश की जानी मानी हस्तियां भी देश की चुनावी संस्कृति को बेहतर बनाने के प्रयासों में इन दिनों लगे हुए हैं।

फैशन डिजायनर रितू कुमार का कहना है, "सभी भारतीयों को अपना वोट डालना चाहिए। युवाओं को तो खासकर। क्योंकि वही देश के भविष्य हैं। हमारी आदत है कि हम बैठे रहते और दूसरों की शिकायत करते हैं। हमें इस आदत को बदलना पड़ेगा।"

सिने स्टार आमिर खान यूं तो किसी राजनीतिक दल से नहीं जुड़े हैं लेकिन वे मौजूदा चुनावी प्रक्रिया में बढ़चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं।

वह कहते हैं, "हम किसी राजनीतिक दल का प्रचार नहीं कर रहे हैं। हम तो सिर्फ मतदाताओं से उनके वोट की कीमत बता रहे हैं।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

**

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+