गुजरात के विकास के लिए कांग्रेस को श्रेय दिया जाना चाहिए : सिंघवी
सिंघवी ने यहां शनिवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री बनने के पहले ही गुजरात में निवेश का प्रवाह शुरू हो गया था। गुजरात में अधोसंरचना विकास के लिए 35 प्रतिशत से अधिक निवेश उसी समय आ गया था, जब राज्य में कांग्रेस की सरकार थी। लिहाजा मुख्यमंत्री को यह कुप्रचार करना बंद कर देना चाहिए कि उनके मुख्यमंत्री बनने के बाद ही गुजरात में निवेश आया।"
ज्ञात हो कि गुजरात में 26 लोकसभा सीटों के लिए 30 अप्रैल को मतदान होना है।
सिंघवी ने कहा कि वर्ष 1990 के दशक के शुरुआत में ही गुजरात देश में औद्योगिक विकास के मामले में तीसरा स्थान हासिल कर लिया था। उस समय राज्य में कांग्रेस की सरकार थी।
सिंघवी ने कहा, "आर्थिक मंदी के दौर में गुजरात सरकार ने राज्य के हीरा उद्योग में बेरोजगार हुए लोगों के लिए कुछ भी नहीं किया है।"
वर्ष 1999 में इंडियन एयरलाइन्स के विमान अपहरण मामले का जिक्र करते हुए सिंघवी ने कहा, "जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुक अब्दुल्ला ने वर्ष 2006 में सार्वजनिक रूप से एक बयान में कहा था कि लालकृष्ण आडवाणी (तत्कालीन गृह मंत्री) ने इंडियन एयरलाइन्स के आईसी-814 विमान के अपहरण किए जाने के बाद उन्हें बार-बार फोन करके आतंकवादी अजहर महमूद और उसके साथियों को छोड़ने के लिए कहा था।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications