मालाबार हिल पर थी हमले की योजना : कसाब
दूसरे दिन की सुनवाई के तुरंत बाद शनिवार को विशेष सरकारी वकील उज्जवल निकम ने बताया कि शाम को छत्रपति शिवाजी टर्मिनस पर हमले के बाद उनकी योजना मालाबार हिल पर हमला करने की थी।
बहरहाल पुलिस ने चौपाटी के पास आतंकवादियों द्वारा अगवा की गई कार को रोककर उनके मंसूबों को विफल कर दिया।
सुरक्षा बलों के साथ हुई गोलीबारी में जहां इस्माइल मारा गया वहीं कसाब को गिरफ्तार कर लिया गया।
उल्लेखनीय है कि मालाबार हिल इलाके में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, केंद्रीय और राज्य सरकार के मंत्रियों, उच्च स्तरीय नौकरशाहों, उद्योगपतियों, व्यापारियों, बहुराष्ट्रीय कंपनियों के प्रमुखों, वैज्ञानिकों, राजनयिकों, धार्मिक प्रमुखों और मशहूर शिक्षाविदों के निवास हैं।
कसाब और इस्माइल 26/11 को मुंबई में 13 स्थानों पर हुए हमलों में से सात स्थानों पर हुए हमलों में शामिल थे।
निकम ने कहा कि कसाब ने अपने 40 पेज के इकबालिया बयान में यह भी बताया है कि कैसे पाकिस्तान में हमले की साजिश रची गई।
बहरहाल मुकदमे की सुनवाई के पहले दिन शुक्रवार को कसाब ने दावा किया था कि उसने दबाव के तहत इकबालिया बयान दिया। सरकार से नियुक्त उसके वकील एस.जी.अब्बास काजमी ने मजिस्ट्रेट के समक्ष दिए गए इकबालिया बयान वापस लेने की अर्जी दी है।
निकम ने कहा कि कसाब के इंकार का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा और 100 से भी अधिक गवाहों के परीक्षण की प्रक्रिया शीघ्र आंरभ होगी।
कसाब ने यह भी दावा किया था कि उसकी उम्र 17 वर्ष है और उस पर किशोर न्यायालय में मुकदमा चलाया जाना चाहिए। जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications