सप्ताह के दौरान बढ़त पर रहे शेयर बाजार (साप्ताहिक समीक्षा)
इस सप्ताह मंगलवार को अंबेडकर जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय अवकाश था और बाजार बंद रहे थे।
सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' सप्ताह के दौरान कुल 219.23 अंक यानी 2.03 फीसदी की बढ़त के साथ 11,023.09 पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' पूरे सप्ताह के दौरान 1.3 फीसदी की बढ़त के साथ 3,384.4 पर बंद हुआ।
सप्ताह के दौरान सेंसेक्स 11,362.31 के उच्चतम और 10,719.1 के निम्नतम स्तर पर गया जबकि निफ्टी ने 3,511 के उच्चतम और 3,311.8 के निचले स्तर पर कारोबार किया।
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 163.36 अंक की तेजी के साथ 10,967.22 पर बंद हुआ। निफ्टी ने 1.21 फीसदी का उछाल हासिल किया और वह 3,382.6 पर बंद हुआ।
बुधवार को सेंसेक्स ने 317.51 अंक का उछाल हासिल किया और यह 11,284.73 पर बंद हुआ। निफ्टी में तीन फीसदी का उछाल दर्ज किया गया और वह 3,484.15 पर बंद हुआ।
गुरुवार को कारोबारियों द्वारा जमकर मुनाफावसूली किए जाने से बाजार में गिरावट आई और सेंसेक्स 337.33 अंक यानी 2.99 फीसदी गिरकर 10,947.4 पर बंद हुआ। निफ्टी में भी 3.29 फीसदी की गिरावट देखी गई और यह 3,369.5 पर बंद हुआ।
शुक्रवार को हल्के कारोबार के बीच सेंसेक्स 75.69 अंक की तेजी के साथ 11,023.09 पर और निफ्टी महज 0.44 फीसदी की तेजी के साथ 3,384.4 पर रहा।
इस सप्ताह बीएसई में सूचीबद्ध जिन कंपनियों ने लाभ अर्जित किया उनमें रिलायंस कैपिटल (8.8 फीसदी), भेल(8.6 फीसदी), भारतीय स्टेट बैंक(7.1 फीसदी), एचडीएफसी (6.6) और आईसीआईसीआई(5.8 फीसदी) प्रमुख हैं।
नुकसान उठाने वाली कंपनियों में टाटा स्टील (8.8 फीसदी), हिंडाल्को (7.3 फीसदी), टाटा मोटर्स (6.5 फीसदी), रिलायंस पॉवर (5.9 फीसदी)और ओएनजीसी (3.5 फीसदी) प्रमुख रहीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications