त्रिनिदाद और टुबैगो में ओबामा की दीवानगी चरम पर
पोर्ट ऑफ स्पेन, 17 अप्रैल(आईएएनएस)। यूं तो इस कैरीबियाई देश में ऑर्गनाइजेशन ऑफ अमेरिकन स्टेट्स(ओएएस) नामक क्षेत्रीय संगठन के बैनर तले होने वाले सम्मेलन में 34 राष्ट्र प्रमुखों का जमावड़ा होने जा रहा है, पर अगर किसी नेता को लेकर यहां की जनता सबसे ज्यादा जुनूनी है, तो वह हैं अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक त्रिनिदाद की शांति मैक्केनजी कहती हैं, "मैं ओबामा के साथ हाथ मिलाना पंसद करूंगी। मैं उनकी जबर्दस्त प्रशंसक हूं।" उन्होंने जो टी-शर्ट पहन रखी है, उस पर बराक ओबामा की तस्वीर छपी है। अपने दूसरे देशवासियों की तरह उन्हें भी उम्मीद है कि ओबामा लैटिन अमेरिका और कैरीबियाई क्षेत्र की तकदीर बदल देंगे। इस शहर के शापिंग मॉल में ओबामा छाप टी-शर्ट, कमीज, टोपी आदि की भरमार है।
ओबामा की ओएएस सम्मेलन में भागीदारी को लेकर पूरा देश उत्साहित हैं। वैसे, मीडिया की निराशा की वजह यह है कि ओबामा की पत्नी मिशेल ओबामा इस मौके पर नहीं होंगी।
ओबामा की तस्वीरें बेचने में व्यस्त एरिसटेस बेलफोर्ड कहते हैं, "ओबामा हमारे हीरो हैं। इस वतन को उनके आने का इंतजार है। लंबे अंतराल बाद कोई अमेरिकी राष्ट्रपति हमारी भूमि पर कदम रख रहा है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications