दूसरे चरण के मतदान से पहले गरमाने लगी है चुनावी फिजा (राउंडअप)

By Staff
Google Oneindia News

इस चुनावी आपाधापी के बीच कई राजनीतिक दलों के दिग्गजों मसलन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष राजनाथ, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के संरक्षक फारूक अब्दुल्ला ने अपने-अपने नामांकन भी दाखिल किए।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती से केंद्रीय राशि का हिसाब किताब मांगा तो उधर बेटे राहुल गांधी ने कर्नाटक की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर केंद्रीय राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया। विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने भाजपा के उस प्रस्ताव को नकार दिया है, जिसमें देश में राष्ट्रपति शासन प्रणाली की बात कही गई थी।

इस बीच, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव ए.बी. बर्धन ने कहा कि यदि लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र में वाम दलों के समर्थन से तीसरे मोर्चे की सरकार बनती है तो भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते को खत्म नहीं किया जाएगा बल्कि उसे ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।

भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण ने विदेश में जमा कालेधन की राशि वापस लाने की प्रतिबद्धता दोहराई।

सोनिया ने उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज में पार्टी उम्मीदवार जगदम्बिका पाल के समर्थन में आयोजित एक रैली में कहा कि केंद्र सरकार ने उत्तर प्रदेश के विकास के लिए जो धनराशि दी, मायावती सरकार ने उसका दुरुपयोग किया, जिससे राज्य के विकास की गति थम गई है।

उन्होंने जनता से कहा कि वह मायावती सरकार से हिसाब लें कि आखिर केंद्र सरकार द्वारा दी गई धनराशि कहां खर्च की गई। सोनिया ने कहा कि मायावती सरकार के उपेक्षित रवैये के चलते राज्य में विकास की गति थम गई है। लोगों के हाथों में काम नहीं है। युवाओं के लिए रोजगार पैदा करने के लिए कुछ नहीं किया गया।

राहुल गांधी ने उत्तर कर्नाटक के गुलबर्गा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, "केंद्र सरकार ने विभिन्न मदों में कर्नाटक सरकार को हजारों करोड़ रुपये दिए लेकिन वह राशि जरूरतमंदों तक नहीं पहुंची।"

उन्होंने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार अमीरपरस्त है जबकि केंद्र की कांग्रेसनीत सरकार गरीब, अल्पसंख्यक, और दलितपरस्त है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने समाज के सभी वर्गो का विकास करने का प्रयास किया लेकिन इसके विपरीत विरोधी दल देश को बांटने के प्रयास में लगे रहे हैं।

प्रणब मुखर्जी ने अगरतला में भाजपा के उस प्रस्ताव को नकार दिया है, जिसमें देश में राष्ट्रपति शासन प्रणाली की बात कही गई थी।

मुखर्जी ने गुरुवार को आईएएनएस से कहा कि कांग्रेस देश में संसदीय प्रणाली को और मजबूत बनाना चाहती है। उन्होंने कहा, "हम भाजपा के प्रस्ताव का विरोध करते हैं। कांग्रेस हमेशा से ही लोकतंत्र में संसदीय प्रणाली का समर्थन करती आई है और हम इसे मजबूत करने में लगे हुए हैं।"

इससे पहले मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भी राष्ट्रपति शासन प्रणाली के प्रस्ताव का विरोध किया था। माकपा महासचिव प्रकाश करात ने कोलकाता में कहा था कि उनकी पार्टी राष्ट्रपति शासन प्रणाली का विरोध करती है।

बर्धन ने आईएएनएस को दिए विशेष साक्षात्कार में कहा कि परमाणु समझौते को खत्म नहीं किया जाएगा क्योंकि यह एक अंतर्राष्ट्रीय समझौता है। उन्होंने कहा, "भारत को अमेरिकी सामरिक नीतियों से बचाने के लिए हम इसे ठंडे बस्ते में रख देंगे।"

परमाणु समझौते को संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की उपलब्धि के तौर पर गिनाने के लिए बर्धन ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की आलोचना भी की। उन्होंने कहा, "यह कांग्रेस और मनमोहन सिंह हैं, जिन्होंने परमाणु समझौते को संप्रग के केंद्र में रखा।"

रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने शुक्रवार को कहा कि राजद, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के गठबंधन की मदद के बिना केन्द्र में कोई सरकार नहीं बनेगी।

पटना के गांधी मैदान में एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "इन तीनों दलों के गठबंधन के बाद बिहार से लेकर दिल्ली तक के नेता घबरा गए हैं। इस गठबंधन के सामने कोई नहीं टिक रहा है।"

इस बीच बेंगलुरू में आडवाणी की जुबान कुछ यूं फिसली की वह कुख्यात आतंकवादी ओसामा बिन लादेन और अमेरिकी राष्ट्रपति बराक हुसैन ओबामा में फर्क नहीं कर पाए।

दरअसल, आडवाणी मुंबई में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। वह ओबामा प्रशासन द्वारा स्विस बैंकों में जमा कालेधन की राशि को वापस लाने के लिए की गई पहल का जिक्र करते हुए कहना चाह रहे थे कि हो सकता है कि तालिबान के मुखिया ओसामा बिन लादेन को इसी कालेधन से आर्थिक मदद मिलती हो। लेकिन बोलने के क्रम में आडवाणी 'ओसामा बिन लादेन' की जगह 'ओबामा बिन लादेन' बोल गए।

हालांकि आडवाणी को तत्काल अपनी गलती का अहसास हो गया और उन्होंने अपनी भूल सुधार ली।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Comments
देश-दुनिया की ताज़ा ख़बरों से अपडेट रहने के लिए Oneindia Hindi के फेसबुक पेज को लाइक करें
For Daily Alerts
तुरंत पाएं न्यूज अपडेट
Enable
x
Notification Settings X
Time Settings
Done
Clear Notification X
Do you want to clear all the notifications from your inbox?
Settings X
X