थप्पड़ मारने के आरोप में मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज (लीड-1)
धार जिले के पुलिस अधीक्षक चंचल शेखर ने बताया कि रंजना बघेल के खिलाफ धारा 323 और 506 के तहत मनावर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।
राज्यमंत्री रंजना बघेल के पति मुकामसिंह बघेल धार संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हैं। धार जिले के ही मनावर विधानसभा क्षेत्र से रंजना बघेल विधायक हैं। वे शुक्रवार को दोपहर अपने पति के लिए वोट मांगने मनावर विधानसभा के पलासी गांव पहुंची। पता चला है कि रंजना बघेल जब पलासी पहुंची तो वहां मौजूद महिलाओं ने उन्हें घेर लिया और प्रदेश सरकार द्वारा की गई 50 हजार के कर्ज की माफी की घोषणा पर अमल न होने पर नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का आरोप है कि महिलाएं घेराव कर विरोध कर रही थी तभी रंजना बघेल आपा खो बैठी और उन्होंने गंगाबाई नाम की महिला को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद माहौल गरमा गया और मंत्री को वहां से लौटना पड़ा। ग्रामीणों ने मनावर थाने पहुंचकर मामला दर्ज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
मनावर के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) अमर सिंह बासकले ने आईएएनएस को बताया है कि गंगाबाई ने लिखित में शिकायत की है कि मंत्री ने उन्हें थप्पड़ मारा है। गंगाबाई की इस शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। महिला को थप्पड़ मारने के संदर्भ में बघेल से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन वे उपलब्ध नहीं हुईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications