बिहार में दूसरे चरण के मतदान के लिए तेज हुआ प्रचार अभियान (राउंडअप)
राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने पटना के गांधी मैदान में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजद, लोक जनशक्ति पार्टी तथा समाजवादी पार्टी के गठबंधन की मदद के बिना केन्द्र में कोई सरकार नहीं बन पाएगी। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों के गठबंधन से बिहार और दिल्ली तक के नेता घबरा गए हैं।
उधर, भाजपा महासचिव तथा बिहार के प्रभारी अरूण जेटली ने पटना में पत्रकारों को बताया कि वरूण गांधी पार्टी के लिए उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों में भी जाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा आगे बढ़ी है जबकि आंध्र प्रदेश से संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) हार रहा है, जो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लिए शुभ संकेत है।
बिहार के मुख्यमंत्री तथा जनता दल (युनाइटेड) के नेता नीतीश कुमार ने समस्तीपुर के पुसा प्रखंड के बिरौली में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लालू और राबड़ी सरकार में चल रहे अपहरण उद्योग को वर्तमान सरकार ने बंद कर दिया है। उन्होंने लालू प्रसाद पर चुटकी लेते हुए उन्हें मैनेजमेंट गुरू नहीं मिसमैनेजमेंट गुरू की संज्ञा दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में गन्ना उद्योग के बढ़ावा देने के लिए केन्द्र सरकार को अप्रैल 2007 में 20 हजार करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी योजना का प्रस्ताव भेजा गया था परंतु अब तक इस योजना को मंजूर नहीं किया गया है।
इधर, बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने दरभंगा के बूसाघाट में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने नीतीश सरकार को निकम्मी सरकार की संज्ञा देते हुए कहा कि यह सरकार केन्द्र से भेजी गई विकास योजनाओं की राशि को भी खर्च नहीं कर पाई।
पटना साहिब से कांग्रेस प्रत्याशी तथा टेलीविजन स्टार शेखर सुमन ने कहा कि मेरा कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं है। उन्होंने पटना में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि अगर जीतने के बाद मैं जनता के लिए काम नहीं करूंगा तो जनता खुद मेरी पोल खोल देगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications