दक्षिण अफ्रीका मेंआईपीएल से बेहतर होगा शिक्षा का स्तर !
केपटाउन, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का आयोजन दक्षिण अफ्रीका में होना इस देश में शिक्षा के लिए वरदान साबित हो सकता है।
आईपीएल ने दक्षिण अफ्रीका में शिक्षा के सुधार के लिए 80 लाख रैंड्स (890,000 डॉलर) की एक छात्रवृत्ति योजना शुरू की है। किसी खेल संस्था द्वारा दक्षिण अफ्रीका में चलाया जाने वाला यह अब तक का सबसे बड़ा सामुदायिक कार्यक्रम है।
आईपीएल कमिश्नर और अध्यक्ष ललित मोदी ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में विकास के लिए दक्षिण अफ्रीका में 'द हेल्प एजुकेट एंड टीच' (एचईएटी) कार्यक्रम चलाया गया है। इसकी शुरुआत एंथोलोन के एलेक्जेंडर सिंटन हाई स्कूल से की गई। मोदी ने स्कूल के प्राधानाध्यापक फेजिल पार्कर को छात्रवृति कार्यक्रम के तहत 100,000 रैंड्स का चेक प्रदान किया।
इसके तहत जो समारोह आयोजित किया गया था, उसमें आईपीएल में खेलने वाली आठ टीमों के कई कप्तान और खिलाड़ी शामिल हुए। कप्तानों में शेन वार्न, केविन पीटरसन और महेंद्र सिंह धौनी थे जबकि खिलाड़ियों में आकाश चोपड़ा, डेनियल विटोरी और रुद्र प्रताप सिंह ने समारोह की शोभा बढ़ाई। इसके अलावा फ्रेंचाइजी टीमों के मालिक के तौर पर अभिनेत्री प्रीति जिंटा और अभिनेता शाहरुख खान भी इस कार्यक्रम में शरीक हुए।
मोदी ने बताया कि एचईएटी कार्यक्रम से स्कूली छात्रों के साथ-साथ व्यक्तिगत स्तर पर स्थानीय लोगों को भी फायदा होगा। प्रत्येक मेजबान शहर के चार स्कूलों को 100,000 रैंड्स छात्रवृति के लिए चुना गया है। एचईएटी कार्यक्रम के तहत कुल 32 स्कूलों को फायदा पहुंचेगा।
इस कार्यक्रम के तहत व्यक्तिगत तौर पर फायदा पाने वालों में वे लोग शामिल होंगे, जो आईपीएल मैच देखने पहुंचेंगे। मैच के दौरान टीवी प्रोड्यूसर पांच लोगों का चयन करेंगे। इन लोगों को 15,000 रैंड्स की मदद दी जाएगी। इससे वे अपने स्कूलों की फीस दे सकते हैं। यह रकम उनके नाम खुले बैंक खातों में जमा की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications