राजनाथ, लालू, मुलायम और फारूक जैसे दिग्गजों ने दाखिल किए नामांकन (राउंडअप)

राजनाथ ने गाजियाबाद, मुलायम ने मैनपुरी, लालू ने पाटलिपुत्र और फारूक ने श्रीनगर संसदीय सीट से अपने-अपने नामांकन दाखिल किए। नामांकन दाखिल करने के बाद सभी नेताओं ने अपनी-अपनी जीत के दावे किए।

राजनाथ द्वारा नामांकन दाखिल करने के मौके पर उनके साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह और पार्टी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद समेत भारी तादाद में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।

नामांकन दाखिल करने के बाद राजनाथ ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान यह विश्वास जताया कि केंद्र में भाजपा के नेतृत्व में ही अगली सरकार बनेगी। उन्होंने कहा, "सरकार बनाने का जब वक्त आएगा तो कई ऐसे राजनीतिक दल हैं जो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से जुड़ना चाहेंगे। हम ऐसे दलों का स्वागत करेंगे।"

राजनाथ सिंह के मुकाबले कांग्रेस ने वर्तमान सांसद सुरेन्द्र प्रसाद गोयल को उम्मीदवार बनाया है जबकि बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अमरपाल शर्मा को टिकट दिया है।

उधर, मुलायम ने लगभग 11.45 बजे मैनपुरी के जिलाधिकारी के समक्ष नामांकन भरा। इस मौके पर सपा महासचिव अमर सिंह, बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव भी मौजूद थे।

मैनपुरी सीट पर मुलायम के खिलाफ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने दिनेश शाक्य और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गायिका तृप्ति शाक्य को मैदान में उतारा है। यह मुलायम की परांपरागत सीट रही है। वह इस सीट से दो बार सांसद चुने जा चुके हैं।

रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने शुक्रवार को बिहार के पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र से नामांकन दाखिल किया। लालू प्रसाद सारण संसदीय सीट से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां गुरुवार को मतदान हुआ।

उल्लेखनीय है कि परिसीमन के बाद पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र नई सीट है। यहां से जनता दल (युनाइटेड) ने रंजन यादव तथा कांग्रेस ने विजय सिंह यादव को अपना उम्मीदवार बनाया है। इस सीट के लिए चौथे चरण में सात मई को वोट डाले जाएंगे।

जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुक अब्दुल्ला ने श्रीनगर लोकसभा सीट से पर्चा दाखिल करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वह राज्य की जनता के आर्थिक, पर्यटन और रोजगार पैकेज के लिए काम करेंगे।

उनकी बहन खालिदा शाह द्वारा अवामी नेशनल कांफ्रेंस की टिकट पर उनके खिलाफ चुनाव लड़ने के बारे में पूछने पर अब्दुल्ला ने कहा, "मैं उनके फैसले पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा क्योंकि वह मेरी बहन हैं और एक भाई होने के नाते में मैं इस बारे में टिप्पणी नहीं करूंगा।"

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+