पाकिस्तान को 5.28 अरब डॉलर की मदद का आश्वासन (लीड-2)
पाकिस्तानी विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने बताया कि यह राशि आतंकवाद से जूझ रहे पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए दी जाएगी।
महमूद ने 'फ्रैंड्स ऑफ डेमोक्रेटिक पाकिस्तान' नामक एक समूह के साथ टोक्यो में मंत्री स्तरीय बैठक के अवसर पर जियो टीवी को दिए एक साक्षात्कार में यह बात कही।
बैठक में पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफअली जरदारी ने कहा, "मैं पूरी विनम्रता से दुनिया से आग्रह करता हूं कि आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में हमारी मदद करें। क्योंकि अगर इसका मुकाबला नहीं किया गया तो यह और फैलेगा। "
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार जापान के प्रधानमंत्री तारो आसो ने कहा, "आतंकवाद और कट्टरपंथ के खिलाफ जंग में पाकिस्तान अहम भूमिका निभा रहा है।"
बैठक में आसो ने पाकिस्तान को एक अरब डॉलर की आर्थिक मदद का वचन दिया, जिसके बाद अमेरिका ने भी इतनी ही राशि देने का वादा किया।
पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफअली जरदारी ने कहा कि उनकी सरकार और देश की जनता आतंकवाद और आतंकवादियों के खात्मे को लेकर प्रतिबद्ध है।
जरदारी ने अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से मदद की अपील करते हुए कहा, "यदि हम हारते हैं तो यह आपकी और दुनिया की हार होगी।" बैठक में पाकिस्तान को और अधिक आर्थिक सहायता देने की बात कही गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications