झारखंड में अन्य राज्यों से पहुंच रहे हैं नक्सली
लातेहार जिले के पुलिस उपायुक्त सर्वेदु तथागत ने आईएएनएस से कहा कि चुनाव के दौरान हिंसक वारदातों को अंजाम देने के लिए अन्य राज्यों से भी नक्सली यहां पहुंच रहे हैं।
लातेहार जिले में गुरुवार तड़के एक बारूदी सुरंग विस्फोट में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के नौ जवान शहीद हो गए। ये जवान मतदान केंद्रों पर जा रहे थे।
नक्सलियों ने बीएसएफ जवानों को ले जा रही एक बस को निशाना बनाकर विस्फोट किया था। इस घटना के बाद जवानों और नक्सलियों के बीच गोलीबारी भी हुई।
तथागत ने कहा कि राज्य में नक्सली दो गुटों में बंटे हैं। एक गुट चतरा और पलामू सीट से चुनाव लड़ रहे जेल में बंद दो नक्सलियों का समर्थन कर रहा है वहीं दूसरा गुट अन्य राज्यों के नक्सलियों की सहायता से चुनाव दौरान हिंसक घटनाओं को अंजाम देने में जुटा है। उन्होंने कहा कि राज्य में खासकर आंध्र प्रदेश से नक्सली पहुंच रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव के पहले चरण में राज्य की छह संसदीय सीटों पर गुरुवार सुबह से मतदान जारी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।