मध्य प्रदेश के विकास पर भाजपा -कांग्रेस आमने-सामने (राउंडअप)
भाजपा जहां केन्द्र पर विकास में बाधक बनने का आरोप लगा रही है तो दूसरी ओर कांग्रेस ने भाजपा पर सच छुपाकर झूठ बोलने का आरोप लगाया है।
मध्य प्रदेश के दौरे पर आए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने इंदौर में कहा कि मध्य प्रदेश देश के पिछड़े राज्यों में से एक है। राज्य के पिछड़ेपन को खत्म करने के लिए केन्द्र की ओर से अनेक योजनाओं के जरिए धनराशि दी जा रही है मगर राज्य सरकार इसे खर्च तक नहीं कर पा रही है। इतना ही नहीं जो राशि खर्च हो रही है उसमें गड़बड़ियों का बोलबाला है। स्वास्थ्य सेवाओं का सही इस्तेमाल न होने के कारण ही कुपोषण से बच्चों की मौत हो रही है तो दूसरी ओर प्रदेश की जनता बिजली और पानी के लिए परेशान है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने भोपाल व कटनी में जन सभाओं में मध्य प्रदेश की सरकार को एक आदर्श सरकार करार दिया है। उनका कहना है कि प्रदेश सरकार ने हर वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई है। लाडली लक्ष्मी योजना ने तो लड़कियों के जीवन को ही बदल दिया है। यही कारण है कि उनकी पार्टी ने तय किया है कि सत्ता में आए तो लाडली लक्ष्मी योजना को पूरे देश में लागू करेंगे।
प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुलताई में केन्द्र सरकार पर प्रदेश के विकास में बाधक बनने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रदेश को बिजली, कोयला और खाद्यान्न के आवंटन में केन्द्र सरकार पर भेदभाव बरतने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य मध्य प्रदेश को स्वर्णिम प्रदेश बनाना है।
भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज ने खजुराहो के सलेहा में केन्द्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह प्रदेश की साढे छह करोड़ जनता के साथ पक्षपात कर रही है।
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश पचौरी ने इंदौर में प्रदेश सरकार पर गलत बयानी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार मध्य प्रदेश को वर्ष 2003 के मुकाबले बिजली और कोयला ज्यादा आवंटित कर रही है और प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसके बावजूद प्रदेश सरकार केन्द्र पर दोषारोपण किए जा रही है। जबकि हकीकत यह है कि प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली के कारण समस्याएं निपट नहीं पा रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications