मनमोहन ने देश की खुशहाली के लिए मांगे और 5 साल
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही ऐसी पार्टी है जो आम आदमी की तरक्की के लिए काम करती है। पिछले पांच साल में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार द्वारा जनहित में किए गए प्रयासों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी को रोजगार दिलाने के लिए सरकार ने रोजगार गारंटी योजना शुरू की है। स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं।
प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया कि वह केंद्र से मिलने वाली राशि का सही तरह से इस्तेमाल नहीं कर रही हैं। एक तरफ मंजूर राशि खर्च नहीं हो पा रही है वहीं खर्च की जाने वाली राशि में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हो रही हैं। प्रदेश में कुपोषण से बच्चों की मौतें जारी हैं। सूचना के अधिकार के कानून का राज्य में कड़ाई से पालन नहीं हो पा रहा है।
प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश की स्थिति पर चिंता जताई और कहा कि यह राज्य देश के सबसे गरीब राज्यों में से एक है। यही वजह है कि केन्द्र सरकार ने बड़े पैमाने पर राज्य सरकार को अनेक योजनाओं के जरिए राशि आवंटित की है। बिजली और कोयला पहले से कहीं ज्यादा राज्य को मिल रहा है उसके बावजूद वह जनता को सुविधा नहीं दे पा रही है।
उन्होंने आतंकवाद के मुद्दे पर एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि संसद पर हमला और कंधार में आतंकवादी को ले जाकर छोड़ना तथा मुम्बई हमलों के खिलाफ हुई कार्रवाई दोनों दलों के काम करने के तरीकों का खुलासा करने वाली है। कांग्रेस का मानना है कि देश की तरक्की के लिए सभी तबकों का विकास और उन्हें साथ लेकर चलना जरूरी है। केन्द्र ने हर वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications