झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ व उड़ीसा में नक्सली हमलों के बीच मतदान जारी (लीड-1)

पहले चरण में देश भर में 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 124 सीटों पर मतदान हो रहा है।

झारखंड के लातेहार जिले में गुरुवार तड़के एक बारूदी सुरंग विस्फोट में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के छह जवान शहीद हो गए। ये जवान मतदान केंद्रों पर जा रहे थे। नक्सलियों ने बीएसएफ जवानों को ले जा रही एक बस को निशाना बनाकर विस्फोट किया था। हमले के बाद जवानों और नक्सलियों के बीच गोलीबारी भी हुई।

लातेहर के पुलिस उपायुक्त सर्वेदु थागट ने आईएएनएस को बताया, "आरा गांव के समीप एक जंगल में बारूदी सुरंग विस्फोट से बीएसएफ के छह जवान शहीद हो गए। पुलिस अधिकारियों का दस्ता घटनास्थल की ओर रवाना हो गया है ताकि मौजूदा स्थिति का जायजा लिया जा सके।"

बिहार के गया जिले के बांकेबाजार थाना क्षेत्र के एक मतदान केन्द्र पर भी नक्सलियों ने हमला कर दिया। इस हमले में दो जवान शहीद हो गए।

घटना की पुष्टि करते हुए गया के पुलिस अधीक्षक एम़ आऱ नायक ने बताया कि बांकेबाजार थाने के सिंधुपर मतदान केन्द्र पर नक्सलियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। गोलीबारी में होमगार्ड के दो जवान शहीद हो गए। हमले के बाद मतदान केन्द्र से नक्सलियों ने इवीएम मशीन भी उठा ली जिसकी वजह से यहां मतदान रूक गया है। बिहार में पहले चरण में गया सहित 13 संसदीय क्षेत्रों में गुरुवार को वोट डाले जा रहे हैं।

उधर, छत्तीसगढ़ में भी सुबह मतदान शुरू होने के तत्काल बाद नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र के छह मतदान केंद्रों पर नक्सलियों ने गोलीबारी आरंभ कर दी। राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गिरधारी नायक ने आईएएनएस को बताया, "नक्सलियों ने दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिलों के छह मतदान केंद्रों पर गोलीबारी की है लेकिन कोई भी घायल नहीं हुआ है।"

उन्होंने बताया कि दंतेवाड़ा के मंगनार मतदान केंद्र पर लगभग 20 की संख्या में नक्सलियों ने हमला किया जिससे मतदाताओं में अफरा-तफरी मच गई। दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक राहलु शर्मा ने आईएएनएस को बताया, "दंतेवाड़ा में दो मतदान केंद्रों पर नक्सलियों ने हमला किया। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की। इन जगहों पर गोलीबारी अभी भी जारी है और मतदान रोक दिया गया है।" राज्य में 11 लोकसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है।

इस बीच उड़ीसा में भी नक्सली हिंसा की खबर है। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के लिए यहां जारी मतदान के दौरान मलकानगिरी जिले में नक्सलियों ने एक मतदान केंद्र पर हमला किया और इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) को आग के हवाले कर दिया।

मलाकनगिरी के पुलिस अधीक्षक सत्यब्रत भोई ने आईएएनएस को बताया, "नक्सलियों ने आंद्राहिल गांव में एक मतदान केंद्र पर हमला किया। उन्होंने ईवीएम और एक वाहन को आग लगा दी।"

उन्होंने कहा, "अब तक मिली जानकारी के मुताबिक नक्सलियों ने कालीमेला क्षेत्र के दो मतदान केंद्रों पर भी हमला किया है। हम इस खबर की पड़ताल कर रहे हैं।"

इससे पहले बुधवार रात नक्सलियों ने मलाकनगिरी, कोरापुट और रायगदा जिलों में नक्सलियों ने चुनाव अधिकारियो के मार्ग में अवरोध पैदा करने के लिए सड़कों पर पेड़ काटकर गिरा दिए थे। उल्लेखनीय है कि नक्सलियों ने पूरे राज्य में चुनाव बहिष्कार की घोषणा कर रखी है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+