बैंसला को भाजपा ने राजस्थान से दिया टिकट
नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। गुर्जर समुदाय को अनुसूचित जनजाति श्रेणी में शामिल कराने के लिए पिछले दो वर्षो से आंदोलन का नेतृत्व करने वाले किरोड़ी सिंह बैंसला को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजस्थान के सवाई माधोपुर-टोंक लोकसभा क्षेत्र से टिकट दिया है।
भाजपा से जारी एक बयान में कहा गया कि दौसा से रामकिशोर मीणा, जयपुर ग्रामीण से राव राजेंद्र सिंह और झुंझनू से दशरथ सिंह शेखावत को टिकट दिया गया है।
पूर्व सेना अधिकारी बैंसला ने 11 अप्रैल को जयपुर स्थित भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पार्टी की औपचारिक सदस्यता ग्रहण की थी।
इस अवसर पर उन्होंने कहा था कि वह पार्टी के अनुशासित सिपाही की तरह काम करेंगे।
बैंसला ने कहा था कि मैं अपने समुदाय को न्याय दिलाने के लिए राजनीतिक आवाज चाहता था। उन्होंने कहा कि वह अपने समुदाय को अनुसूचित जाति का दर्जा दिलाने के लिए काम करेंगे।
गुर्जर समुदाय को वर्तमान में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) का दर्जा हासिल है।
राजस्थान में 25 सीटों के लिए 7 मई को चुनाव होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications