पूर्वोत्तर में शांतिपूर्ण तरीके से हुआ भारी मतदान
एक चुनाव अधिकारी ने बताया, "पूर्वोत्तर के सात राज्यों में से छह राज्यों में मतदान अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। सभी जगह से भारी मतदान की सूचनाएं हैं। "
प्रारंभिक सूचनाओं के मुताबिक सिल्चर, करीमगंज और असम के स्वायत्त जिला जैसे तीन संसदीय सीटों पर 65 प्रतिशत मतदान हुआ है।
असम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी हेमंत नारजारी ने कहा, "चूंकि अभी हम दूरवर्ती इलाकों के आंकड़े तैयार कर रहे है, लिहाजा मतदान का अंतिम प्रतिशत थोड़ा बढ़ सकता है।"
अधिकारी ने बताया, "कुछ स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में तकनीकी खराबी के कारण मतदान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। ऐसी कुछ घटनाओं को छोड़ कर बाकी मतदान शांतिपूर्ण रहा। सिल्चर संसदीय क्षेत्र में एक केंद्र पर मतदान के दौरान उपद्रवियों द्वारा ईवीएम मशीन तोड़े जाने के बाद वहां फिर से मतदान का आदेश दिया गया है।"
अरुणाचल प्रदेश और मेघालय की दो सीटों और नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम की एक-एक सीटों के लिए भी मतदान हुआ।
आंकड़ों के मुताबिक पहले चरण के मतदान में पूर्वोत्तर के सात में से छह राज्यों में 74.5 लाख मतदाता वोट देने के लिए पात्र थे। गुरुवार के मतदान में 72 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई।
शिलांग संसदीय सीट के लिए 65 प्रतिशत मतदान हुआ तो वहीं मेघालय के तुरा सीट के लिए 58 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
बाहरी मणिपुर लोकसभा सीट के लिए 70 प्रतिशत मतदान हुआ तो मिजोरम की एक मात्र सीट के लिए और अरुणाचल प्रदेश की दो सीटों के लिए 60 से 65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
अधिकारी ने कहा कि अरुणाचल प्रदेश में बारिश के बाद भी मतदान जारी रहा।
ज्ञात हो कि असम और मणिपुर में चुनाव से पूर्व हिंसा की घटनाओं में 15 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 100 से अधिक घायल हुए थे।
असम के पुलिस प्रमुख जी.एम.श्रीवास्तव ने कहा, "हमें खुशी है कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications