छत्तीसगढ़ में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू
रायपुर, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार सुबह छत्तीसगढ़ की 11 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया।
शहरी क्षेत्रों के मतदान केंद्रों के बाहर सुबह सात बजे से ही मतदाताओं की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई थी जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की उपस्थिति कम देखी गई। राज्य में लगभग 1.54 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या 76 लाख है।
शुरुआती खबरों के मुताबिक राज्य के नक्सल प्रभावित बस्तर और कांकेर लोकसभा सीटों के लगभग 250 संवेदनशील मतदान केंद्र सुनसान रहे। नक्सलियों ने इन क्षेत्रों में चुनाव का बहिष्कार कर रखा है।
राज्य के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक गिरधारी नायक ने आईएएनएस को बताया, "उग्रवादियों से निपटने और सुचारु रूप से मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी क्षेत्रों में हमारी पैनी नजर है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications