'पाकिस्तान गंभीरता के साथ मुंबई हमले की जांच कर रहा है'
समाचार एजेंसी एपीपी ने विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल बासित के हवाले से लिखा है, "हमें भारत के विदेश मंत्री की उस टिप्पणी की जानकारी है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत पाकिस्तान द्वारा भेजे गए दस्तावेजों का परीक्षण कर रहा है और नई दिल्ली इसका उचित जवाब देगी।"
बासित ने कहा, "यदि भारत मांगे गए स्पष्टीकरणों का जल्द से जल्द जवाब दे देता है तो पाकिस्तान सरकार उसका स्वागत करेगी।"
भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मुंबई हमले की जांच के मामले में परिणाम देने के लिए बुधवार को पाकिस्तान से दोबारा मांग की थी।
एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के सदस्यों के साथ बातचीत में उन्होंने कहा था, "हम पाकिस्तान के साथ अच्छे संबंध बनाना चाहते हैं, लेकिन पाकिस्तान को मुंबई हमले के आरोपियों को सजा दिला कर अपनी समझदारी जाहिर करनी चाहिए।"
मनमोहन सिंह ने पाकिस्तान के उस आरोप को खारिज कर दिया था, जिसमें उसने कहा था कि भारत ने मुंबई हमले के बारे में पर्याप्त जानकारी मुहैया नहीं कराई है।
विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने भी बुधवार को कहा था कि नई दिल्ली पाकिस्तान को अतिरिक्त जानकारी मुहैया कराने के लिए तैयार है, लेकिन उसे मामले को लटकाने का रास्ता अपनाने के बजाय हमले के आरोपियों को दंडित करने के बारे में गंभीरता दिखानी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications