आडवाणी पर खडाऊ फेंकने वाले जेल भेजा गया (लीड 2)
भाजपा नेता आडवाणी गुरूवार को मध्य प्रदेश के दौरे पर थे। आडवाणी जब कटनी में सभा को संबोधित करने मंच पर पहुंचे तभी आगे की कतार में बैठे भाजपा कार्यकर्ता और युवा मोर्चा के पूर्व पदाधिकारी पावस अग्रवाल ने उनकी तरफ खडाऊ फेंकी। कोई कुछ समझ पाता कि इससे पहले हुई इस हरकत ने सभा स्थल पर हलचल मचा दी और पुलिस ने पावस अग्रवाल को हिरासत में ले लिया।
कटनी के पुलिस अधीक्षक एस़ पी़ सिंह ने आईएएनएस को बताया है कि अग्रवाल को जब पुलिसकर्मी हिरासत में लेकर कोतवाली जा रहे थे तब उसने भागने की कोशिश की तथा पुलिसकर्मी से झूमा-झटकी की। इसके चलते उसके खिलाफ धारा 151 के अलावा 353, 290, 506 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। सिंह ने बताया है कि अग्रवाल मनोरोगी है और उसका वर्ष 2007 से नागपुर में इलाज भी चल रहा है।
पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के बाद पावस अग्रवाल ने एक निजी चैनल से बातचीत करते हुए आडवाणी को नकली लौहपुरूष करार दिया है। अग्रवाल का कहना है कि एक तरफ आडवाणी राम की बात करते है और दूसरी ओर जिन्ना की मजार पर जाते हैं। उनके इस रवैये से उसे काफी पीड़ा हुई है। उसने कहा कि वह आडवाणी के इस रवैये का विरोध भी करना चाहता था मगर किसके सामने करें, क्योंकि पार्टी में हर जगह उन्हीं के लोग जो बैठे है।
जब अग्रवाल से पूछा गया कि क्या वह खडाऊ फेंकने की योजना बनाकर सभा स्थल पर पहुंचा था तो उसने कहा कि उनकी कोई पूर्व योजना नहीं थी बल्कि उन्होंने ईश्वरीय शक्ति के आदेश पर ऐसा किया है। अग्रवाल अपने पिता की खडाऊ पहन कर सभा में आया था और उसे ही उसने आडवाणी की तरफ फेंका।
उधर, भाजपा ने अग्रवाल को अपना कार्यकर्ता मानने से इंकार किया है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विजेन्द्र सिंह सिसौदिया ने यह माना है कि पूर्व में अग्रवाल भाजपा में रहा है मगर पिछले कई वषरे से उसका भाजपा से कोई नाता नहीं है। सिसौदिया ने बताया कि उसकी पिछले कई वषों से मानसिक स्थिति अच्छी नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications