काजमी होंगे कसाब के वकील, शुक्रवार से प्रतिदिन सुनवाई (लीड-1)
विशेष लोक अभियोजक उज्जवल निकम ने कहा कि इस मामले की प्रतिदिन के आधार पर सुनवाई शुक्रवार से शुरू होगी।
मुंबई हमलों से संबद्ध मुकदमे की सुनवाई कर रहे विशेष न्यायाधीश एम. एल. ताहिलयानी ने काजमी की नियुक्ति की है। इससे पहले कसाब की वकील अंजलि वाघमारे थीं जिन्हें एक दिन पहले ही गैर पेशेवर रवैये की वजह से विशेष अदालत ने हटा दिया था।
एक अन्य वकील के. पी. पवार इस मामले में काजमी का सहयोग करेंगे। उनकी नियुक्ति पिछले महीने की गई थी।
विशेष अदालत ने गुरुवार सुबह कसाब की पाकिस्तानी वकील की मांग से संबंधित याचिका को खारिज कर दिया। गुरुवार को कसाब भी अदालत में उपस्थित हुआ।
लोक अभियोजक उज्जवल निकम ने संवाददाताओं से कहा कि हमने मुंबई हमले से संबंधित प्रारंभिक जानकारी विशेष न्यायाधीश के समक्ष पेश कर दी है।
निकम ने कहा, "शुक्रवार को अदालत में तीनों आरोपियों कसाब, फहीम अंसारी और सबाहुद्दीन मोहम्मद के खिलाफ विस्तृत आरोप पेश किए जाएंगे।"
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को आरोपियों के खिलाफ जुटाए गए साक्ष्य भी अदालत में पेश किए जाएंगे। इसके साथ ही इस मामले की जांच से जुड़ी जानकारी और पूरक आरोप पत्र भी पेश किए जाएंगे। इससे पहले करीब दो माह पूर्व इस मामले में 11,000 पृष्ठों का आरोप पत्र दाखिल किया गया था।
गौरतलब है कि 26 नवंबर, 2008 को मुंबई के कई महत्वपूर्ण स्थानों पर हुए आतंकवादी हमलों में लगभग 175 लोगों की मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।