337 अंक गिरकर 11,000 के नीचे बंद हुआ सेंसेक्स (राउंडअप)
लगभग छह महीने बाद बुधवार को 11,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर के ऊपर बंद होने वाला सेंसेक्स गुरुवार को एक बार फिर नीचे लुढ़क गया। निफ्टी भी आज 3,400 के मनोवैज्ञानिक स्तर से काफी नीचे बंद हुआ।
कारोबार के दौरान दैनिक उपयोग की उपभोक्ता वस्तुओं के सूचकांक को छोड़कर सभी सूचकांकों ने गिरावट में कारोबार किया। रियल्टी व धातु सेक्टर के शेयरों की जमकर बिकवाली हुई और इनके सूचकांक क्रमश: 9.16 व 6.97 फीसदी की गिरावट पर रहे।
बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'सेंसेक्स' गुरुवार को 73.33 अंकों की बढ़त के साथ 11,358.06 के स्तर पर खुला। कारोबार के अंत में यह 337.33 अंकों यानी 2.99 फीसदी की जबरदस्त गिरावट के साथ 10,947.40 के स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स ने 10,900.47 के निचले और 11,367.23 के ऊपरी स्तर पर कारोबार किया।
बीएसई के मिडकैप व स्मालकैप सूचकांकों में भी जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। मिडकैप सूचकांक 163.16 अंक यानी 4.53 फीसदी की गिरावट के साथ 3,438.73 पर बंद हुआ। स्मालकैप सूचकांक में 194.46 अंक यानी 4.72 फीसदी की गिरावट आई और यह 3,928.99 पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक 'निफ्टी' पिछले बंद के मुकाबले 0.20 अंकों की मामूली बढ़त के साथ 3,484.35 पर खुला। दिन का कारोबार खत्म होने के समय निफ्टी 114.65 अंक यानी 3.29 फीसदी नीचे 3,369.50 पर कारोबार कर रहा था। निफ्टी ने गुरुवार को 3,354.20 के निचले और 3,511.25 के ऊपरी स्तर पर कारोबार किया।
बीएसई में दिन का कारोबार नकारात्मक रहा और यहां 1,742 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में गिरावट आई जबकि महज 851 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में तेजी आई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications