वरुण की रिहाई के आदेश के बाद पीलीभीत में जश्न का माहौल
वरुण की रिहाई के आदेश के बाद गुरूवार को पूरे शहर में उत्साह का माहौल है और लोग उनके स्वागत की जोरदार तैयारी में जुटे हैं। कुछ ऐसा ही हाल एटा में भी है। वरुण समर्थक और भाजपा कार्यकर्ता उनका स्वागत करने के लिए उनके जेल से निकले का इंतजार कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक वरुण एटा जेल से रिहा होने के बाद सड़क मार्ग से बरेली जाएंगे। रास्ते में जगह-जगह उनके स्वागत की तैयारी की जा रही है। यह उनका रोड शो भी होगा। मेनका गांधी एटा जेल पहुंच चुकी हैं। उनकी रिहाई की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं । पुलिस के मुताबिक करीब एक घंटे का समय अभी और लग सकता है।
पीलीभीत जिला भाजपा अध्यक्ष योगेन्द्र सिंह गंगवार ने गुरूवार को संवाददाताओं से कहा कि भाजपा नेतृत्व ने वरुण का नामांकन 21 अप्रैल को कराने के लिए पूरी तैयारी करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि उनके नामांकन के समय पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के भी मौजूद रहने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक भाजपा नेता और कार्यकर्ता इस बात को लेकर काफी सतर्क हैं कि कोई ऐसी घटना नहीं हो जिससे आचार संहिता का उल्लंघन होता हो।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications