कंधमाल में करीब 50 फीसदी मतदान
भुवनेश्वर, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। उड़ीसा के कंधमाल जिले में मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और करीब 50 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कंधमाल में पिछले वर्ष सांप्रदायिक हिंसा में 38 लोगों की मौत हो गई थी।
जिलाधिकारी कृष्ण कुमार ने कहा, "प्रारंभिक अनुमान के अनुसार मतदान 50 फीसदी हुआ। यह आंकड़ा कुछ बढ़ सकता है क्योंकि आधे से अधिक मतदान केंद्र सुदूर गांवों में स्थित हैं जहां से पूर्ण विवरण आना अभी बाकी है।"
कुमार ने कहा, "यहां राहत शिविरों में रह रहे करीब 80 फीसदी मतदाताओं ने स्थानीय प्रशासन के सहयोग से मताधिकार का प्रयोग किया।"
यहां से 200 किलोमीटर दूर कंधमाल में 23 अगस्त 2008 को विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नेता स्वामी लक्ष्मणानंद सरस्वती और उनके चार सहयोगियों की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हिंसा भड़क उठी थी।
हिंसा में कम से कम 38 लोगों की मौत हो गई थी और भीड़ के हमलों से भयभीत ईसाई समुदाय के करीब 25 हजार लोग पलायन करने को मजबूर हो गए थे।
नक्सलियों ने यहां चुनाव के बहिष्कार की घोषणा की थी।
उड़ीसा में प्रथम चरण में लोकसभा की 10 और विधानसभा की 70 सीटों के लिए मतदान संपन्न हुआ। यहां दूसरे चरण का मतदान 23 अप्रैल को है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications