करात ने लोकसभा चुनाव को त्रिकोणीय मुकाबला बताया
माकपा के मुखपत्र 'पीपुल्स डेली' में प्रकाशित एक लेख में करात ने कहा कि वामदलों और क्षेत्रीय पार्टियों की एकजुटता से दोनों बड़ी पार्टियां परेशान हैं।
माकपा महासचिव ने कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि 15 वीं लोकसभा के चुनाव में मुकाबला त्रिकोणीय है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और भाजपा की अपने नेतृत्व वाले गठबंधनों के बीच मुकाबले की आशा के विपरीत कई राज्यों में गैर भाजपा और गैर कांग्रेसी पार्टियां उनको चुनौती दे रही हैं।
करात ने कहा कि इसलिए कांग्रेस और भाजपा नेतृत्व के तीसरे मोर्चे पर हमले बढ़ रहे हैं।
तीसरे मोर्चे की कोई संभावना न होने के कांग्रेस और भाजपा के दावे का भी करात ने उपहास उड़ाते हुए कहा कि यदि तीसरा मोर्चा केवल भ्रम या बिना कार्यक्रम वाले दलों का समूह है तो दोनों पार्टियां क्यों इतनी चिंतित हैं।
करात ने बताया कि वर्ष 2004 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 26.53 प्रतिशत और भाजपा को 22.16 प्रतिशत वोट मिले थे। यह 50 प्रतिशत से भी कम है।
करात ने कहा कि यदि दोनों पार्टियां गैर कांग्रेसी और गैर भाजपा दलों को पर्याप्त संख्या में अपने साथ करने में विफल रहीं तो उनकी संभावना धूमिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications