बिहार में नक्सली हिंसा के बीच दोपहर तक 22 फीसदी मतदान
राज्य में औरंगाबाद, गया, सासाराम, बक्सर, सारण, महाराजगंज, गोपालगंज, सीवान, नवादा, जहानाबाद, जमुई, काराकाट और आरा संसदीय क्षेत्रों में वोट डाले जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गया के बांकेबाजार स्थित सिंधपुर मतदान केन्द्र पर नक्सली हमले में दो जवान मारे गए।
सारण संसदीय क्षेत्र में जहां से रेल मंत्री लालू प्रसाद तथा पूर्व मंत्री राजीव प्रताप रूडी चुनाव लड़ रहे हैं वहां अब तक 22 से 24 फीसदी मतदान हुआ है।
सारण के जिलाधिकारी बी़ राजेन्द्र का कहना है कि सारण संसदीय क्षेत्र में अब तक कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
राज्य निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि एक-दो मतदान केन्द्रों पर इलेक्ट्रानिक वोटिंश मशीनों (ईवीएम) में गड़बड़ी की सूचना मिली थी, जिसे तुरंत ठीक कर लिया गया।
पहले चरण के मतदान के लिए 19,285 केन्द्र तथा 45 सहायक केन्द्र बनाए गए हैं। इन क्षेत्रों में 243 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 1,75,73,282 मतदाता करेंगे।
ज्ञात हो कि चार संसदीय क्षेत्रों गया, औरंगाबाद, जमुई तथा सासाराम में पड़ने वाले 24 विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केन्द्रों में सुरक्षा कारणों से वोट डालने के समय में परिवर्तन किया गया है।
ये सभी विधानसभा क्षेत्र नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आते हैं। इन क्षेत्रों में मतदाता अपना वोट सुबह सात बजे से लेकर शाम के तीन बजे तक डाल सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications