पूर्वोत्तर में जारी है शांतिपूर्ण मतदान
एक चुनाव अधिकारी ने बताया, "पूर्वोत्तर के 10 संसदीय क्षेत्रों में दोपहर तक सामान्य से तेज मतदान की खबर है। कुल मिलाकर स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है।"
असम के सिल्चर, करीमगंज और स्वायत्त जिला सहित तीन संसदीय क्षेत्रों में दोपहर तक 40 से 50 फीसदी मतदान की खबर है।
अधिकारी ने बताया, "कुछ स्थानों पर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में तकनीकी खराबी की खबर है। वैसे मतदान सुचारू रूप से चल रहा है।"
कारबी आंगलांग में एक मतदान केंद्र के करीब विस्फोटक बरामद किया गया, जिसे निष्क्रिय कर दिया गया। इसी जिले में हावराघाट मतदान केंद्र पर मतदान शुरू होने से पहले एक चुनाव अधिकारी ने ब्लेड से गला रेतकर जान देने की कोशिश की।
अधिकारी ने बताया, "चुनाव अधिकारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। ऐसा माना जा रहा है कि उसने व्यक्तिगत कारणों से आत्महत्या करने की कोशिश की।"
इक्का-दुक्का घटनाओं को छोड़कर आमतौर पर मतदान सुचारू रूप से चल रहा है। क्षेत्र की कुल 24 में से 10 संसदीय सीटों के मतदाता सुबह सात बजे से 10 बजे तक बड़ी शिद्दत से अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए कतार में खड़े रहे।
अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण मतदान में बाधा पड़ी। यहां दोपहर तक करीब 40 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया।
इसी तरह नगालैंड, मिजोरम और मेघालय में भी 40 से 50 फीसदी मतदान की खबर है। मणिपुर में मतदान की रफ्तार थोड़ी धीमी रही। दोपहर तक यहां 20 से 25 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications