आर्सेलरमित्तल के अमेरिकी संयंत्र से 400 कर्मचारियों की छुट्टी होगी
वाशिंगटन, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। दुनिया की सबसे बड़ी इस्पात निर्माता कंपनी आर्सेलरमित्तल अपने ईस्ट शिकागो स्थित संयंत्र से 400 कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है।
भारतीय मूल के कारोबारी और स्टील किंग के नाम से जाने जाने वाले लक्ष्मी निवास मित्तल की कंपनी ने यह फैसला वैश्विक आर्थिक मंदी के दौर में घटती मांग के कारण लिया है।
समाचार पत्र 'शिकागो ट्रिब्यून' ने कंपनी के एक वक्तव्य के हवाले से बताया कि यह छंटनी इसलिए की जा रही है क्योंकि कंपनी ने इंडियाना हार्बर लांग कार्बन संयंत्र में कामकाज अनिश्चित काल के लिए बंद करने का फैसला किया है। छंटनी का काम अगले दो महीनों में शुरू हो जाएगा।
उत्तरी अमेरिका के इस सबसे बड़े इस्पात निर्माता संयंत्र में भवनों पुलों और रेल पटरियों आदि के उपयोग में आने वाला इस्पात बनाया जाता है।
आर्सेलरमित्तल ने एक वक्तव्य में कहा, "वैश्विक आर्थिक मंदी के कारण कंपनी के उत्पादों की मांग में कमी आई है। परिस्थितियों को काबू में रखने के लिए कंपनी को छंटनी जैसे कदम उठाने पड़ रहे हैं।"
उल्लेखनीय है कि दुनिया के कुल इस्पात का लगभग 10 फीसदी उत्पादित करने वाली आर्सेलरमित्तल को वित्त वर्ष 2008 की अंतिम तिमाही में 2.6 अरब डॉलर के नुकसान का सामना करना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications