बिहार : लालू, पासवान व राहुल के निशाने पर रहे नीतीश (राउंडअप)
मधुबनी के पंडौल में राहुल ने राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि केंद्र से बिहार के विकास के लिए भेजी गई राशि भी यह सरकार नहीं खर्च कर पाई। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों में कोई कमी नहीं है, कमी है तो यहां की सरकार में है।
इधर, नीतीश ने हाजीपुर के गोरौल में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि लालू और रामविलास कहते घूम रहे हैं कि बिहार को केंद्र से काफी राशि दी गई। उन्होंने कहा कि वे क्या मुझे भीख दे गए हैं। उन्होंने कहा कि वह बिहार का हिस्सा था और वही बिहार को मिला है।
लालू ने पटना हवाई अड्डे पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए नीतीश सरकार को प्रत्येक क्षेत्र में विफल बताते हुए उनके शासन को कुशासन की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि मंगलवार की रात रोहतास में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अस्थायी शिविर पर नक्सलियों के हमले ने नीतीश सरकार की पोल खोल दी है।
हाजीपुर से करीब 30 किलोमीटर दूर चेहराकला प्रखंड मुख्यालय में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष रामविलास पासवान ने एक चुनावी सभा में नीतीश सरकार पर जमकर प्रहार किया। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा केंद्र पर धन नहीं देने के आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि राज्य ने जितना मांगा उससे कहीं ज्यादा दिया गया है। उन्होंने कहा कि राजद और लोजपा की दोस्ती अब नहीं टूटेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications