कांग्रेस और भाजपा की देन है गरीबी-बेकारी : मायावती
लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार के सिलसिले में सतना पहुंची मायावती ने बुधवार को आयोजित जनसभा में कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमले बोले। उन्होंने कहा कि इन दोनों दलों की जहां भी सरकारें रही है वहां दलित, अल्पसंख्यक और पिछड़ों का उत्पीड़न ही हुआ है। इतना ही नहीं इन दोनों दलों की नीतियों के कारण देश में गरीबी, बेकारी और नक्सलवाद जैसी समस्याओं ने विकराल रूप धारण कर लिया है।
मायावती ने भाजपा और कांग्रेस पर आरक्षण में भी कटौती करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन दलों ने ऐसे कानून बनाए हैं जिनके चलते आरक्षण को कम करने का काम हुआ है। मायावती ने इन दोनों ही दलों को समाज के सबसे कमजोर वर्ग का विरोधी करार दिया।
उत्तर प्रदेश में अपनी सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का हवाला देते हुए मायावती ने कहा कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश में कानून का राज है, आम आदमी अपने आपको सुरक्षित महसूस कर रहा है। उनकी सरकार की कोशिश है कि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भी आरक्षण का लाभ मिले।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications