विधायक जाटव का अंतिम संस्कार, कांग्रेस ने राजनीतिक हत्या करार दिया
भिन्ड जिले के गोहद विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित कांग्रेस विधायक जाटव की सोमवार की रात छरेटा गांव में उस समय गोली मार कर हत्या कर दी गई थी जब वे कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में बैठक कर लौट रहे थे। बुधवार को जाटव की पार्थिव देह को भिन्ड लाया गया जहां उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार में कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह, प्रदेशाध्यक्ष सुरेश पचौरी, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित बड़ी तादाद में लोग शामिल हुए।
दिग्विजय सिंह ने जाटव की हत्या पर दुख जताते हुए कहा कि जब भी दलित का बेटा आगे बढ़ता है तो उससे लोग ईष्र्या करने लगते हैं। जाटव की हत्या राजनैतिक हत्या है और इसमें वे लोग शामिल हैं जो विधानसभा चुनाव हार गए थे। उन्होंने जाटव के सुरक्षाकर्मी की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा है कि जिस व्यक्ति के हत्या में शामिल होने का संदेह है वही रिपोर्ट लिखा रहा है।
पचौरी ने इस मौके पर कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान निर्वाचित जन प्रतिनिधि की हत्या प्रदेश की कानून व्यवस्था की स्थिति का खुलासा करने वाली है। हत्यारों को सरकार का समर्थन मिल रहा है। कांग्रेस को राज्य सरकार और उसकी एजेंसियों पर भरोसा नहीं है इसलिए इस हत्याकांड की सीबीआई जांच होनी चाहिए।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी जाटव की हत्या को राजनीतिक हत्या बताया। उन्होंने कहा कि अगर जाटव के परिवारजनों को सरकार से न्याय नहीं मिला तो जनता उन्हें न्याय दिलाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications