पहले चरण के मतदान से पहले उत्तर पूर्व में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
गुवाहाटी, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में पूर्वोत्तर राज्यों की 10 ससदीय सीटों पर 16 अप्रैल को होने वाले मतदान के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने कहा, "चुनाव कर्मी अपने-अपने निर्वाचन केंद्रों पर पहुंच गए हैं। हमें निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव की उम्मीद है।"
पहले चरण में असम की तीन, अरूणाचल प्रदेश और मेघालय की दो-दो और नागालैंड, मणिुपर और मिजोरम की एक-एक संसदीय सीटों मतदान होना है।
असम के पुलिस प्रमुख जी. एम. श्रीवास्तव ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "चरमपंथियों की धमकी के मद्देनजर कारबी आंगलोंग और उत्तरी कछार पर्वतीय जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हम अधिक चिंतित है। हम पहले ही इन क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात कर चुके हैं ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न घटे।"
उधर मणिपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री ओकराम इबोबी सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के मुताबिक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications