सिलिकॉन वैली स्थित कंपनियों की निगाहें भारत पर
वाशिंगटन, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिका के कैलीफोर्निया प्रांत में स्थित मशहूर सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र सिलिकॉन वैली वर्ष 2002 के बाद के सबसे बड़े आर्थिक संकट से गुजर रहा है। मंदी के असर से बचने के लिए यहां की कई कंपनियां भारत और चीन की ओर रुख कर रही हैं।
समाचार पत्र 'सैन जोस मर्करी न्यूज' द्वारा कराए गए सालाना सर्वेक्षण के मुताबिक पिछले एक वर्ष के दौरान क्षेत्र की प्रमुख 150 कंपनियों की आय में 32 फीसदी की गिरावट आई और यह 850 अरब डॉलर रह गयी।
सर्वेक्षण के मुताबिक सिलिकॉन वैली की 150 कंपनियों के राजस्व में वर्ष 2008 में महज पांच फीसदी का इजाफा हुआ जो वर्ष 2001 के बाद से एक साल की अवधि में हुआ सबसे कम लाभ है।
हालांकि मंदी के इस दौर में भी कुछ कंपनियों ने लाभ अर्जित किया है। उदाहरण के लिए सिस्को सिस्टम्स के विदेशी कारोबार में 20 फीसदी का इजाफा हुआ है।
उल्लेखनीय है कि सिस्को ने भारत में अपने व्यापार पर निगाहें जमा रखीं हैं क्योंकि अन्य एशियाई देशों की भांति उसकी अर्थव्यवस्था निर्यात आधारित नहीं है।
इसी तरह गूगल के अंतर्राष्ट्रीय बाजारों से अर्जित राजस्व में भी 40 फीसदी का इजाफा दर्ज किया गया जबकि अमेरिका में उसके राजस्व में मात्र 24 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications