'मुंबई हमलों पर और जानकारी दे भारत'

मुंबई हमलों के मामले में पाकिस्तान ने कहा है कि भारत ने जो जानकारियां दी हैं वो जांच को आगे बढ़ाने के लिए पर्याप्त नहीं हैं. भारत ने पाकिस्तान के इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि पाकिस्तान मुंबई हमलों की जांच को रोके रखना चाहता है इसलिए ऐसी बातें कही जा रही हैं.
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान ने इन हमलों में पाकिस्तानी नागरिकों के शामिल होने की पुष्टि होने के बाद भारत से 30 सवालों के जवाब मांगे थे और भारत ने सभी के जवाब क़रीब एक महीने पहले पाकिस्तान को दिए थे.
पाकिस्तान के गृह मंत्री रहमान मलिक ने सोमवार को एक प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की और कहा कि भारत ने मुंबई हमलों में शामिल चरमपंथियों के सिम कार्डों और जीपीएस के बारे में जो जानकारी दी है वो पर्याप्त नहीं हैं. इतना ही नहीं पाकिस्तान का यह भी कहना था कि कसाब का डीएनए और मृतक चरमपंथी इस्माईल का डीएनए एक ही है यानी डीएनए जानकारियां भी ग़लत दी गई हैं.
उनका कहना था कि दो लोगों के डीएनए एक जैसे होना असंभव है और ऐसा जुड़वां लोगों में ही होता है.मलिक का कहना था कि वो कसाब के ख़िलाफ़ दायर चार्जशीट की पूरी कॉपी चाहते हैं और ये भी जानना चाहते हैं कि क्या इन हमलों में कोई भारतीय भी संलिप्त था या नहीं.
पाकिस्तान ने इन सभी सवालों की सूची इस्लामाबाद में भारतीय उप उच्चायुक्त मनप्रीत वोरा को सौंपी है.मलिक का कहना था कि 26 नवंबर की जांच के तार लश्कर ए तैयबा के कमांडर ज़की उर रहमान लखवी तक जाकर ख़त्म हो जाते हैं. उनका कहना था कि कराची से गिरफ्तार किए गए शाहिद जमील रियाज़ ने ही मुंबई हमलों के लिए पैसों का इंतज़ाम किया था.
पाकिस्तान के इन सवालों पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है.भारत के विदेश राज्य मंत्री आनंद शर्मा ने एक टीवी चैनल से बातचीत में कहा कि पाकिस्तान मामले की ठीक से जांच नहीं करना चाहता है और इसीलिए टालमटोल का रवैया अपना रहा है.शर्मा का कहना था कि मुंबई हमलों से जुड़े सारे सबूत पाकिस्तान को सौंपे गए हैं लेकिन वो इस मामले की गंभीरता से जांच ही नहीं करना चाहता है.


Click it and Unblock the Notifications